नई दिल्ली । प्रेम नगर इलाके में शनिवार देर रात एक युवक की चाकू घोंपकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 26 वर्षीय मनीष कुमार के रूप में हुई है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने हत्या समेत अन्य धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, मनीष कुमार अपने भाइयों के साथ किराड़ी के हिंद विहार इलाके में रहता था और मजदूरी करता था। उसके भाई सचिन ने बताया कि शनिवार रात मनीष अपने दोस्तों के साथ त्रिपाठी एन्क्लेव गया था, जहां किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान कुछ युवकों ने मनीष पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मनीष को संजय गांधी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। परिजनों का कहना है कि हमला करने वाले युवक पड़ोस में रहने वाले हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।


