नई दिल्ली । आज सुबह केशव पुरम पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत अनाज मंडी में स्थित एक घर में आग लग गई। आग लगने की इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और अफरातफरी का माहौल पैदा हो गया। सूचना मिलते ही आग बुझाने के लिए तीन दमकल गाड़ियां और केशव पुरम पुलिस थाने की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम किया।
दमकल विभाग के कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग की लपटों को फैलने से रोका और उस पर काबू पा लिया। इस घटना में पांच लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए हैं। झुलसे हुए लोगों को तुरंत इलाज के लिए नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जानकारी के मुताबिक, घर में आग सुबह लगभग सात बजे लगी। हालांकि, आग लगने का सटीक कारण अभी तक पता नहीं चल पाया है। दिल्ली अग्निशमन सेवा को सुबह 7:10 बजे एक इमारत की तीसरी मंजिल पर स्थित एक घर में आग लगने के संबंध में एक कॉल मिली। इसके बाद अग्निशमन विभाग की तीन दमकल गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। केशव पुरम पुलिस स्टेशन की टीमों को भी एक एम्बुलेंस के साथ घटनास्थल पर भेजा गया।
खबर मिली है कि आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया, जिसके कारण पांच लोग झुलस गए। घटनास्थल पर पुलिस और एम्बुलेंस के पहुंचने पर, सभी घायल व्यक्तियों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।


