दुबई । भारत ने बांग्लादेश को 40 रनों से हराकर महिला एशिया कप के फाइनल में जगह बना ली है। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में छह विकेट पर 149 रन बनाए। जवाब में बांग्लादेश की टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 109 रन ही बना सकी। भारत के लिए इस मैच में शेफाली वर्मा ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया, जबकि दीप्ति शर्मा ने गेंदबाजी में चमक बिखेरी।
भारत का फाइनल में सामना श्रीलंका और पाकिस्तान के बीच होने वाले एक अन्य सेमीफाइनल की विजेता से होगा।
महिला एशिया कप में भारत का दबदबा
भारतीय महिला टीम का एशिया कप में दबदबा रहा है। भारतीय टीम वनडे हो या टी20 इस टूर्नामेंट के हर प्रारूप में हमेशा खिताबी मुकाबले तक पहुंची है। भारत ने सर्वाधिक सात बार खिताब अपने नाम किया है और अब वह अपने आठवें खिताब से एक कदम दूर है। भारत ने 2004, 2005, 2006, 2008 में वनडे प्रारूप और 2012, 2016 और 2022 में टी20 प्रारूप में एशिया कप अपने नाम किया था। उसे 2018 और 2024 में फाइनल में हार मिली थी।
गेंदबाजों के दम पर की वापसी
बांग्लादेश ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छी शुरुआत की थी, लेकिन दीप्ति शर्मा की अगुआई में भारतीय गेंदबाजों ने वापसी कराई और मैच अपने नाम करने में सफल रहे। बांग्लादेश के लिए शोर्ना अख्तर 22 रन बनाकर नाबाद रहीं। वहीं, दिलारा अख्तर ने 21, निगार सुल्ताना ने 19, शोभना मोस्तारी ने 18, जुआरिया फेरदोस ने 14, फाहिमा खातून ने 14 और शर्मिन अख्तर ने एक रन बनाए। भारत की ओर से दीप्ति शर्मा ने तीन विकेट लिए, जबकि नंदिनी शर्मा को दो विकेट मिले। वहीं, श्री चरणी और प्रेमा रावत ने एक-एक सफलता अपने नाम की।
शेफाली की अर्धशतकीय पारी
इससे पहले, बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। भारत को पहला झटका स्मृति मंधाना के रूप में लगा जो दो रन बनाकर आउट हुईं। शेफाली ने अकेले दम पर भारत को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। उन्हें छह ,11 और 56 रन के निजी स्कोर पर जीवनदान मिला। शीर्ष चार भारतीय बल्लेबाजों का स्ट्राइक रेट 100 से कम रहा जबकि शेफाली ने 160 के शानदार स्ट्राइक रेट से रन बनाए। शेफाली ने एक छोर से मामला संभाले रखा और 35 गेंदों पर टी20 करियर का 20वां अर्धशतक जड़ा। भारत को शेफाली वर्मा के रूप में तीसरा झटका लगा। शेफाली 40 गेंदों पर सात चौकों और तीन छक्कों की मदद से 64 रन बनाकर आउट हुईं।
बांग्लादेश की खराब फील्डिंग
बांग्लादेश की फील्डिंग इस मैच में बेहद खराब रही। उन्होंने कुल चार कैच छोड़े, वर्ना भारत के लिए 120 रन का आंकड़ा पार करना भी मुश्किल होता। आमतौर पर स्पिन गेंदबाजी को बखूबी खेलने वाली भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर (28 गेंद में नाबाद 24 रन) अपनी पारी के अधिकांश समय संघर्ष करती रहीं। उन्होंने अपनी पहली 16 गेंदों पर सिर्फ चार रन बनाए। भारत ने पावरप्ले में एक विकेट पर 45 रन बनाकर अच्छी शुरुआत की, लेकिन बीच के ओवरों में रन गति बढ़ाने में नाकाम रहा। भारत के लिए ऋचा घोष ने 21, प्रतिका रावल ने 20, दीप्ति शर्मा ने 13 और स्मृति मंधाना ने दो रन बनाए। बांग्लादेश की ओर से सुल्ताना खातून को दो विकेट मिले, जबकि मारूफा अख्तर, नाहिदा अख्तर और राबिया खान को एक-एक विकेट मिला।


