जम्मू । मंगलवार को दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में जम्मू-श्रीनगर नेशनल हाईवे पर काजीगुंड के लेवदोरा इलाके में एक ट्रक की सीआरपीएफ की बंकर गाड़ी से टक्कर हो गई, जिसमें सीआरपीएफ के पांच जवान घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, यह घटना मंगलवार को हुई, जब एक ट्रक ने सीआरपीएफ बंकर वाहन को लेवदोरा के पास टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बंकर वाहन पलट गया। इस हादसे में सीआरपीएफ के पांच जवान घायल हो गए।
घायल जवानों को तत्काल काजीगुंड स्थित 163 बटालियन सीआरपीएफ के एमआई रूम में चिकित्सा उपचार के लिए ले जाया गया। उनकी चोटें मामूली बताई जा रही हैं। पुलिस मौके पर पहुंची और टक्कर की वजहों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी है।


