अयोध्या । दिल्ली पुलिस ने फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ कर छह ठगों को गिरफ्तार किया है। इनमें दिल्ली के नितिन सोलंकी (25), ध्रुव (21), अनीश गुप्ता (20), सिमरन (24), ईशिका (25) और बॉबी श्रेष्ठ (22) शामिल हैं। ये खुद को बैंक अधिकारी बताकर क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने का झांसा देकर लोगों को ठगते थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से पांच मोबाइल फोन और ठगी की रकम से खरीदा पावर बैंक बरामद किया है। यह गिरोह पश्चिमी दिल्ली के ख्याला में किराये के फ्लैट से संचालित हो रहा था। उत्तर-पूर्वी जिला पुलिस उपायुक्त राहुल अलवाल ने बताया कि करावल नगर के एक व्यक्ति ने राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि कुछ लोगों ने बैंक प्रतिनिधि बनकर उसे फोन किया और क्रेडिट कार्ड की सीमा बढ़ाने का झांसा देकर खाते से करीब 1.31 लाख रुपये निकाल लिए। इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच कर गिरोह का भंडाफोड़ किया।

