मानसा। मानसा जिले के गांव ठूठियांवाली में पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। जानकारी के मुताबिक मृतका आठ माह की गर्भवती थी। पति ने तेजधार हथियार से पत्नी की हत्या कर दी गई। मृतका के चाचा मेवा सिंह और भाई मनदीप सिंह ने बताया आरोपी को पत्नी पर अवैध संबंधों का शक था।
महिला के गर्भ में थे जुड़वां बच्चे
महिला के गर्भ में जुड़वां बच्चे थे। पुलिस ने आरोपी पति के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। परिजनों के मुताबिक, 22 वर्षीय सिमरजीत कौर की करीब एक वर्ष पहले गांव बुर्ज राठी निवासी युवक सचप्रीत सिंह से प्रेम विवाह हुआ था। बाद में दोनों परिवारों की सहमति से उनका विवाह विधिवत संपन्न करवाया गया।
घटना वाले दिन आरोपी आया था ससुराल
सिमरजीत आठ माह की गर्भवती थी और प्रसव के लिए अपने मायके गांव ठूठियांवाली आई हुई थी।बताया जा रहा है कि घटना वाले दिन आरोपी दिन में ससुराल आया था और बाद में लौट गया। आरोप है कि रात में उसने पत्नी को फोन कर घर के बाहर बुलाया, जहां धारदार हथियार से उसकी हत्या कर दी और मौके से फरार हो गया।
आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस
मृतका के परिजनों ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। परिजनों का कहना है कि इस घटना से न केवल उनकी बेटी की जान गई, बल्कि गर्भ में पल रहे दोनों बच्चों की भी मौत हो गई।चौकी ठूठियांवाली के प्रभारी मक्खन सिंह ने बताया कि घटना की सूचना गांव के सरपंच से मिली थी। इसके बाद मृतका के पिता सुखपाल सिंह के बयान के आधार पर आरोपी पति सचप्रीत सिंह के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है और मामले की जांच जारी है।


