नोएडा । यूपी की सबसे ऊंची बिल्डिंग नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा सोसायटी की 42वीं मंजिल से शनिवार को कूदकर इंजीनियर संभव जैन ने खुदकुशी कर ली। ऊंचाई से गिरने के कारण उसका शरीर क्षतविक्षत हो गया। इसका दिल दहलाने वाला वीडियो भी सामने आया है।
पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस के मुताबिक, गुरुग्राम निवासी संभव (30) ने शुक्रवार को ही सुपरनोवा के एक एयरबीएनबी में चेक-इन किया था, शनिवार को चेक आउट करना था।
बताया जा रहा है कि घटना के समय पास के फ्लैट में कुछ लोग एसी रिपेयरिंग कर रहे थे। उन्होंने संभव को बचाने की कोशिश की, पर उसने छलांग लगा दी। कर्ज से परेशान संभव ने खुदकुशी से पहले पिता को व्हाट्सएप पर मैसेज भेज कहा था कि वह जीना नहीं चाहता।
एसी तकनीशियन अल्ताफ ने बयां किया आंखों देखा हाल
नोएडा के सेक्टर-94 स्थित सुपरनोवा की एस्पायरा बिल्डिंग में हुए हादसे को लेकर एसी तकनीशियन अल्ताफ ने आंखों देखा हाल बयां किया। उनके मुताबिक 42वीं मंजिल की रेलिंग के बाहर लटके सॉफ्टवेयर इंजीनियर संभव जैन बेहद तनाव में थे। बचाने की कोशिश कर रहे कर्मचारियों से उन्होंने यहां तक कह दिया था कि उन्हें छोड़ दें, वरना वह उन्हें भी साथ लेकर कूद जाएंगे।
अल्ताफ ने बताया कि जब तीन सहकर्मियों संग उन्होंने संभव को बालकनी की रेलिंग के बाहर लटका देखा तो तुरंत उन्हें समझाने और ऊपर खींचने का प्रयास शुरू कर दिया। कर्मचारियों ने उन्हें सुरक्षित अंदर आने के लिए लगातार अपील की। हालांकि स्थिति तब और गंभीर हो गई जब संभव ने उन्हें पीछे हटने का इशारा करते हुए कहा, मुझे छोड़ दो, नहीं तो तुम्हें भी लेकर कूद जाऊंगा।
चेतावनी सुन चारों कर्मी एक पल के लिए पीछे हट गए। ठीक उसी समय संभव ने बालकनी से छलांग लगा दी। हादसे के बाद मायूस दिख रहे अल्ताफ ने अफसोस जताया कि चार लोग मिलकर भी जान नहीं बचा पाए।


