कुल्लू। भुंतर-मणिकर्ण सड़क पर लगे विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण (साडा) बैरियर कसोल में अब हिमाचल प्रदेश के वाहन चालकों को भी शुल्क देना होगा। कुल्लू और लाहौल-स्पीति छोड़कर शेष 10 जिलों के दोपहिया वाहनों के साथ टैक्सी, कार, ट्रक व बसों पर यह नियम लागू कर दिया गया है।
पहले सिर्फ बाहरी राज्यों की टैक्सियों, बसों व पर्यटक वाहनों से साडा शुल्क लिया जाता था।
13 मई से इस शुल्क को लेना भी शुरू कर दिया है। साडा बैरियर कसोल में अब दोपहिया वाहन से 50 रुपये शुल्क तय किया है। टैक्सियों को 150 रुपये, एसयूवी व वाणिज्यिक वाहनों से 300 रुपये लिया जाएगा। प्रदेश में पंजीकृत 13 सीटों तक के सभी वाहनों से 400 रुपये प्रति वाहन और 13 से अधिक सीटों वाली सभी बसों व ट्रकों को 500 रुपये शुल्क देना होगा। साडा मणिकर्ण के अध्यक्ष एवं सदर विधायक कुल्लू सुंदर सिंह ठाकुर ने कहा कि साडा राशि को मणिकर्ण और कसोल पंचायत के विकास पर खर्च किया जाएगा।
इन वाहनों पर रहेगी छूट
सभी प्रकार के सरकारी वाहन, सैन्य और अर्धसैनिक वाहन।
सभी प्रकार के इलेक्ट्रिक वाहन।
हिमाचल प्रदेश पंजीकरण संख्या वाले सभी निजी वाहन।
कुल्लू और लाहौल स्पीति के सभी पंजीकृत नंबर वाली टैक्सियां।


