नई दिल्ली। जिस तरह पुलिस संदिग्ध अपराधियों को जान से मारने के बजाय उनके पैर या घुटने में गोली मार देती है। उसी तरह दिल्ली के नरेला औद्योगिक क्षेत्र के बवाना जेजे कॉलोनी में शनिवार शाम को एक दोस्त ने युवक के पैर में गोली मार दी।
कहासुनी के बाद वारदात को अंजाम दिया।
घटना को अंजाम देकर आरोपी साजिद मौके से भाग गया। लोगों ने घायल बॉबी पासवान को पास के अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने उसके बयान पर केस किया। रविवार को पुलिस ने आरोपी और उसके नाबालिग साथी को पकड़ लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की जांच कर रही है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि शनिवार शाम पुलिस को जेजे बवाना कॉलोनी बवाना के मून कैफे के पास गोली चलने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस को पता चला कि कैफे के सामने स्कूटी पर बैठकर दो दोस्त आपस में बातचीत कर रहे थे।
इसी दौरान दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। एक ने दूसरे के पैर में गोली मार दी और वहां से भाग गया। लोगों ने बताया कि घायल को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने क्राइम और और फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाया। टीम ने वहां से साक्ष्य हासिल किए।


