नई दिल्ली । दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच सेंट्रल रेंज ने 15 वर्ष से फरार चल रहे 10 हजार रुपये के इनामी हत्यारोपी को गिरफ्तार किया है। सहरसा बिहार निवासी आरोपी नौशाद उर्फ लड्डू उर्फ मोहम्मद कमरे आलम (37) 2011 में लक्ष्मी नगर में एक कमीशन एजेंट की हत्या और 8.50 लाख रुपये की लूट के मामले में वांछित था।
डीसीपी हर्ष इंदौरा के अनुसार 2011 को गांधी नगर मार्केट के कमीशन एजेंट अतुल जैन मंगल बाजार रोड, लक्ष्मी नगर पर खून से लथपथ और मोटरसाइकिल के पास मिले थे। जांच में पता चला कि काम के बाद घर लौटते समय अतुल के पास 8.50 लाख रुपये नकद थे। 6 मार्च 2011 को शकरपुर थाने में हत्या और लूट का मामला दर्ज हुआ था।
पुलिस की जांच में पता चला कि अरशद की साजिश के तहत आरोपियों भूरा उर्फ मुस्तकीन, नदीम उर्फ नड्डा, नौशाद और जाकी अनवर ने बंदूक की नोक पर लूट की योजना बनाई। विरोध करने पर भूरा और नौशाद ने गोली चला दी, जिसमें कमीशन एजेंट अतुल की मौत हो गई। आरोपी नकदी लेकर फरार हो गए। घायल को हेजवियर अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। जांच के बाद अन्य धाराएं भी जोड़ी गईं।
इस मामले में 4 आरोपी पहले ही गिरफ्तार होकर कोर्ट से सजायाफ्ता हो चुके थे। सिर्फ नौशाद फरार था। उस पर 10,000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार नौशाद शादीशुदा है और दिल्ली के विभिन्न क्षेत्रों में लगने वाले साप्ताहिक बाजारों में पुराने कपड़े बेचकर जीविका चलाता था। डीसीपी ने कहा कि इस गिरफ्तारी से 15 साल पुराने मामले के सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे कोर्ट में अभियोजन और मजबूत होगा। मामले में आगे पूछताछ जारी है।


