जम्मू । आगामी अमरनाथ यात्रा से पहले कश्मीर पुलिस प्रमुख वी. के. बिर्डी ने सुरक्षाबलों को सतर्क रहने और उच्च स्तर की परिचालन तैयारियों को बनाए रखने के निर्देश दिए हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की सुरक्षा या लॉजिस्टिक चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सके।
यह 57 दिवसीय अमरनाथ यात्रा 3 जुलाई से शुरू होने वाली है। इससे पहले आईजीपी कश्मीर ने जोनल और सेक्टर अधिकारियों को ब्रीफ करते हुए यात्रा मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और समन्वय की समीक्षा की।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार इस बैठक में कश्मीर जोन के डीआईजी, केंद्रीय कश्मीर रेंज, श्रीनगर, दक्षिण कश्मीर रेंज अनंतनाग, डीआईजी आर्म्ड कश्मीर, एसएसपी पीसीआर कश्मीर सहित कई वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
आईजीपी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में तैनात जवानों को नियमित ब्रीफिंग दें ताकि सभी कर्मी अपनी जिम्मेदारियों और मौजूदा सुरक्षा स्थिति से पूरी तरह अवगत रहें। उन्होंने लगातार निगरानी और प्रभावी संचार व्यवस्था बनाए रखने पर भी जोर दिया।
इसके अलावा उन्होंने सुरक्षाबलों और अन्य एजेंसियों के बीच बेहतर समन्वय, संयुक्त प्रतिक्रिया प्रणाली और सूचनाओं के त्वरित आदान-प्रदान को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बिर्डी ने कहा कि ड्यूटी के दौरान जवानों को श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सहायता को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए और जनता के प्रति मित्रवत रवैया अपनाना चाहिए।
उन्होंने सभी अधिकारियों और जवानों से अनुशासनऔर एसओपी (स्टैंडर्ड ऑपरेटिंग प्रोसीजर) का सख्ती से पालन करने की अपील की। बैठक के अंत में यात्रा के शांतिपूर्ण और सुरक्षित संचालन के लिए सभी तैयारियों और आपात योजनाओं की समीक्षा की गई।


