नई दिल्ली । दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल/नॉर्दर्न रेंज की एक टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दिल्ली मेट्रो के जहांगीरपुरी और शास्त्री नगर स्टेशनों पर खालिस्तान-समर्थक नारे लिखने के मामले में तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस टीम का नेतृत्व इंस्पेक्टर अनुकूल पंवार और परवीन कुमार ने किया, जबकि एसीपी (स्पेशल सेल/एनआर) राहुल कुमार सिंह की देखरेख में यह अभियान चलाया गया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुमीत उर्फ रफ़्तार, सुमित कुमार उर्फ काका और गुरप्रीत के रूप में हुई है। इन आरोपियों पर मेट्रो स्टेशनों की दीवारों पर आपत्तिजनक नारे लिखने का आरोप है, जिससे सार्वजनिक शांति भंग होने की आशंका थी। स्पेशल सेल इनपुट के आधार पर कार्रवाई करते हुए इन तीनों को पकड़ने में सफल रही। मामले की आगे की जांच जारी है।


