नई दिल्ली । दिवाली से पहले ही दिल्ली की हवा 'बहुत खराब' हो चुकी है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार आज सुबह इंडिया गेट के आसपास के इलाके में वायु गुणवत्ता सूचकांक 399 है, जिसे 'बहुत खराब' की श्रेणी में रखा गया है। दिल्ली में प्रदूषण ने अपने दायरा बढ़ा लिया है। मंगलवार शाम तक राजधानी के 11 निगरानी केंद्र गंभीर श्रेणी में थे, लेकिन बुधवार को इनकी संख्या बढ़कर 22 हो गई।
यानी एक दिन में गंभीर प्रदूषण वाले इलाकों की संख्या दोगुनी हो गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड यानी सीपीसीबी के 59 निगरानी केंद्रों के आंकड़ों के मुताबिक, इनमें 32 केंद्रों पर हवा बहुत खराब और पांच पर खराब श्रेणी में रही। किसी भी केंद्र पर हवा मध्यम श्रेणी में दर्ज नहीं हुई। अच्छे श्रेणी में हवा का होना तो दूर की बात है।
आईआईटी दिल्ली में सबसे ज्यादा एक्यूआई
बुधवार को सबसे ज्यादा एक्यूआई आईआईटी दिल्ली में 455 दर्ज किया गया। यहां पीएम10 प्रमुख प्रदूषक रहा। मंगलवार शाम यह आंकड़ा 402 था। इस तरह यहां एक्यूआई में 53 अंक की बढ़ोतरी हुई। जहांगीरपुरी में 449, पंजाबी बाग में 446, मुंडका में 439, विवेक विहार में 436, डीटीयू में 434, रोहिणी में 432, अलीपुर और नरेला में 429 तथा सोनिया विहार में 427 एक्यूआई दर्ज किया गया।
कम प्रदूषित इलाकों में भी तेजी से बिगड़ी हवा
आंकड़ों में सबसे बड़ी चिंता उन इलाकों को लेकर है, जहां मंगलवार को प्रदूषण का स्तर तुलनात्मक रूप से कम था। लोधी रोड का एक्यूआई 212 से बढ़कर 295 पहुंच गया। छावला में 232 से 310, मैदान गढ़ी में 253 से 327 और श्री अरबिंदो मार्ग में 256 से 321 हो गया। यानी इन इलाकों में भी हवा की गुणवत्ता तेजी से गिरी। लोधी रोड में 83 अंक की बढ़ोतरी दर्ज हुई, जो सूची में सबसे बड़ा उछाल है।


