दिल्ली । इंडिया ब्लॉक के विरोध प्रदर्शन से पहले जंतर-मंतर पर गतिविधियां देखने को मिलीं। प्रदर्शन को लेकर इलाके में हलचल है। विपक्षी दलों के इस कार्यक्रम पर सबकी नजरें टिकी हैं। इसी बीच दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर पर भी सुरक्षा बढ़ा दी है।
मार्च से पहले सुरक्षाबल मुस्तैद, बाराखंभा रोड पर आरएएफ और सीआरपीएफ तैनात
दिल्ली में आज सुप्रीम कोर्ट तक इंडिया ब्लॉक के प्रस्तावित विरोध मार्च से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। बाराखंभा रोड और मंडी हाउस के पास सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की गई है। यहां दिल्ली पुलिस के जवानों के साथ रैपिड एक्शन फोर्स (आरएएफ) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के कर्मी भी तैनात हैं। प्रस्तावित मार्च को देखते हुए इन इलाकों में सुरक्षा बलों की मौजूदगी बढ़ाई गई है। हालांकि, विरोध मार्च में शामिल होने वाले नेताओं की संख्या, मार्च के निर्धारित मार्ग और यातायात व्यवस्था को लेकर विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
दिल्ली में कौन से छह मेट्रो स्टेशन बंद?
नई दिल्ली में सुरक्षा कारणों के चलते दिल्ली मेट्रो के छह स्टेशनों के प्रवेश और निकास द्वार आज शाम चार बजे तक बंद रहेंगे। दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) ने इसकी जानकारी दी है। बंद रहने वाले स्टेशनों में पटेल चौक, जनपथ, राजीव चौक, मंडी हाउस, केंद्रीय सचिवालय और बाराखंभा रोड शामिल हैं। इन स्टेशनों पर यात्रियों को प्रवेश और बाहर निकलने की सुविधा नहीं मिलेगी। डीएमआरसी ने कहा कि यात्रियों को सलाह दी जाती है कि वे अपनी यात्रा की योजना पहले से बनाएं और जरूरत के अनुसार वैकल्पिक स्टेशन या मार्ग का इस्तेमाल करें।


