अहमदाबाद। मुंबई इंडियंस की गुजरात टाइटंस पर 99 रनों की जीत में जितना योगदान शतकवीर तिलक वर्मा का रहा, उतना ही अश्विनी कुमार का भी है। इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर आए इस युवा गेंदबाज ने गुजरात के बल्लेबाजी क्रम की कमर ऐसी तोड़ी कि टीम फिर इस मुकाबले में उबर ही नहीं सकी।
गुजरात पर भारी पड़े 24 साल के अश्विनी
200 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात के लिए मुंबई के 24 वर्षीय तेज गेंदबाज अश्विनी कुमार किसी बुरे सपने से कम नहीं रहे। बतौर इम्पैक्ट प्लेयर आए इस खिलाड़ी ने चार ओवर के स्पैल में सिर्फ 24 रन दिए और चार विकेट निकाले। उन्होंने कप्तान शुभमन गिल (14), राहुल तेवतिया (08), राशिद खान (04) और शाहरुख खान (17) को पवेलियन की राह दिखाई। इस दौरान अश्विनी ने छह की इकोनॉमी से गेंदबाजी की।
प्रदर्शन पर क्या बोले गेंदबाज?
मुकाबले में मुंबई की जीत के बाद अश्विनी कुमार से उनकी योजना के विषय में पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'कुछ खास नहीं योजना नहीं थी। जब मैं गेंदबाजी करने आया तो देखा कि हार्ड लेंथ और बैक ऑफ लेंथ गेंदें असरदार साबित हो रही हैं, इसलिए मैंने उसी योजना पर टिके रहना सही समझा। विकेट और मैच की स्थिति जैसी मांग कर रही थी, मैंने उसी हिसाब से गेंदबाजी की।' शॉर्ट बॉल के इस्तेमाल को लेकर अश्विनी कुमार ने कहा, 'हां, क्योंकि विकेट उसी तरह की गेंदबाजी मांग रही थी। हम विकेट लेने की योजना बना रहे थे और हार्दिक पांड्या भैया से चर्चा के बाद हमने उसे सही तरीके से लागू किया।'
पहले भी कर चुके यह कारनामा
यह दूसरी बार है जब बाएं हाथ के इस गेंदबाज ने आईपीएल मैच की एक पारी में चार विकेट हासिल किए। इससे पहले पिछले साल (2025) अश्विनी ने 24 रन देकर चार विकेट अपने नाम किए थे। आईपीएल में दूसरी बार चार विकेट लेने पर उन्होंने कहा, 'मैं इस बारे में काफी सोच रहा था। जब भी मुझे खेलने का मौका मिले, मैं अच्छा प्रदर्शन करना चाहता हूं। आज ऐसा हुआ और मुझे बहुत अच्छा लग रहा है।'
मैच में क्या हुआ?
तिलक वर्मा की विस्फोटक बल्लेबाजी के बाद अश्विनी कुमार की घातक गेंदबाजी के दम पर मुंबई इंडियंस ने गुजरात टाइटंस को 99 रनों के अंतर से मात दी। सोमवार को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी मुंबई ने तिलक की 101 रनों नाबाद पारी की मदद से 20 ओवर में पांच विकेट पर 199 रन बनाए। जवाब में गुजरात की टीम 15.5 ओवर में सिर्फ 100 रन ही बना सकी और ऑलआउट हो गई। बता दें कि, यह मुंबई की रनों के अंतर से आईपीएल में उनकी चौथी सबसे बड़ी जीत है। वहीं, गुजरात दूसरी बार अपने सबसे छोटे स्कोर पर ऑलआउट हुई।


