वास्को । गोवा के वास्को में तिलक मैदान के पास स्थित ऑटोपोलिस कार एक्सेसरीज की दुकान में भीषण आग लग गई। आग इतनी भयानक थी कि दुकान पूरी तरह जलकर खाक हो गई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू कर दी। मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों से आग बुझाने और प्रभावित लोगों की स्थिति के बारे में जानकारी ली।
150 से ज्यादा दुकानदारों पर असर की आशंका
मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि उन्हें घटना की जानकारी रात करीब 11 बजे मिली, जिसके बाद वह खुद मौके पर पहुंचे। उन्होंने कहा कि आग पर काबू पाने के लिए पूरा प्रशासनिक अमला काम कर रहा है। हादसे में काफी नुकसान हुआ है।
सावंत के मुताबिक, यहां लगने वाले रविवार बाजार में 150 से अधिक विक्रेता अपनी दुकानें लगाते थे। इसके अलावा इलाके में स्थायी दुकानें भी हैं। आग से प्रभावित कारोबारियों की स्थिति को देखते हुए सरकार हरसंभव सहायता देने का प्रयास करेगी।
मुख्यमंत्री ने दिया मदद का भरोसा
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार प्रभावित दुकानदारों की मदद के लिए हरसंभव कदम उठाएगी। फिलहाल प्रशासन की प्राथमिकता आग पर काबू पाना और स्थिति को संभालना है। आग लगने के कारणों और कुल नुकसान का विस्तृत ब्योरा अभी सामने नहीं आया है।


