पुणे । पुणे में बुधवार तड़के जय वल्लभ स्कूल के पास टिम्बर मार्केट में भीषण आग लग गई, जिसकी चपेट में लकड़ी के सामान की दुकानें आ गईं और भारी नुकसान हुआ। बताया जा रहा है कि आग में लगभग 50 से ज्यादा दुकानें जलकर खाक हो गईं।
आग बुझाने के लिए कितने कर्मी तैनात हुए?
किसी के हताहत होने या घायल होने की कोई खबर नहीं है। आग बुझाने के लिए कुल 27 दमकल गाड़ियां (पुणे फायर ब्रिगेड से 24, पुणे छावनी से 1, और पुणे मेट्रोपॉलिटन रीजन डेवलपमेंट अथॉरिटी (PMRDA) से 2) और लगभग 150 कर्मी तैनात किए गए थे। आसपास के रिहायशी इलाकों को बचाने के लिए चारों तरफ से करीब दो घंटे तक मशक्कत करने के बाद आग पर काबू पा लिया गया। फिलहाल कूलिंग का काम चल रहा है, और आग लगने के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने क्या बताया?
घटनास्थल पर मुख्य अग्निशमन अधिकारी गणेश सोनुने, उप मुख्य अग्निशमन अधिकारी विजय भिलारे, अग्निशमन अधिकारी राजेश जगताप, प्रमोद सोनावणे, कमलेश चौधरी, कैलास शिंदे और निलेश महाजन सहित करीब 10 अधिकारी और लगभग 150 जवान तैनात रहे। पुणे महानगरपालिका के सहायक आयुक्त गुरम और उनकी टीम भी मौके पर पहुंची।
इसके पहले महाराष्ट्र के बीड शहर में धानोरा रोड स्थित आबकारी विभाग (शराबबंदी विभाग) के कार्यालय की पार्किंग में अचानक आग लग गई थी। आग ने पार्किंग में खड़े पांच चार-पहिया वाहनों समेत कई दोपहिया वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
सूचना पर आग बुझाने के लिए दमकल विभाग की ओर से केवल एक फायर ब्रिगेड वाहन मौके पर भेजा गया था। आग बुझाने के दौरान दमकल वाहन का पानी खत्म हो गया, जिसके बाद उसे दोबारा पानी भरने के लिए जाना पड़ा। इस प्रक्रिया में करीब 15 मिनट की देरी हुई। इस दौरान आग अधिक फैल गई तथा उसने विकराल रूप धारण कर लिया।


