पटना । पटना के अटल पथ पर रविवार रात तेज रफ्तार स्कॉर्पियो का कहर देखने को मिला। महेशनगर के पास अनियंत्रित हुई गाड़ी ने सड़क पर मौजूद कई लोगों को टक्कर मार दी। इसके बाद स्कॉर्पियो पलट गई और उछलकर घटनास्थल से करीब 80 मीटर दूर जा गिरी। हादसे के दौरान वहां से गुजर रहा एक बाइक सवार भी इसकी चपेट में आ गया।
घटना पाटलिपुत्र थाना क्षेत्र की है। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, स्कॉर्पियो ने करीब 200 मीटर के दायरे में कई लोगों को अपनी चपेट में लिया। हादसे के बाद सड़क पर अफरातफरी मच गई। कई घायल सड़क किनारे पड़े नजर आए। इस दुर्घटना में छह से अधिक लोगों के जख्मी होने की सूचना है।


