बांदा । बांदा जिले में तिंदवारी थाना क्षेत्र के जौहरपुर गांव के मजरा तिलका डेरा में शुक्रवार शाम घर की कच्ची दीवार में बने आले से सामान निकालते समय सांप के डसने से आठ वर्षीय मासूम की मौत हो गई। जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक के पिता रामू वर्मा ने बताया कि उनका बेटा विवेक वर्मा शुक्रवार शाम घर की दीवार में बने आले से सामान निकाल रहा था। इसी दौरान आले में बैठे सांप ने उसके हाथ में डस लिया। परिजन उसे गंभीर हालत में पीएचसी तिंदवारी ले गए। वहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने विवेक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। विवेक तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। बेटे की मौत से मां आरती का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव के समाजसेवी दलजीत सिंह वीरू ने बताया कि विवेक के पिता मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं।


