कानपुर । कानपुर में गर्मी के इस सीजन में पहली बार पारा 40 डिग्री सेल्सियस पर पहुंचा है। गुरुवार के दिन और रात दोनों इस सीजन में सबसे अधिक गर्म रहे। अधिकतम तापमान सामान्य औसत से 2.7 और न्यूनतम तापमान 3.2 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। सीएसए के मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि गर्मी अब और बढ़ेगी।
लू के थपेड़े सख्त होते जाएंगे। यह जरूर है कि बीच-बीच में हवाओं का रुख बदलने पर हल्की राहत मिल सकती है। अरब सागर से आ रहीं नम हवाओं की वजह से बादलों की आवाजाही रह सकती है। वहीं, जब राजस्थान के थार मरुस्थल की गर्म हवाएं आएंगी, तो लू के थपेड़े लगने लगेंगे।
सीएसए के मौसम विभाग के प्रभारी डॉ. एसएन सुनील पांडेय का कहना है कि इस वक्त एक पश्चिमी विभोक्ष पहाड़ों में है। इससे हवाएं नमी लिए हुए गंगा के मैदानी इलाकों में आ जाती हैं, जिससे रात को राहत मिलती है। दिन में हवाओं के गर्म होने से तपिश बढ़ जाती है।
विज्ञापन
अप्रैल में लगातार छह पश्चिमी विक्षोभ आए
इसके बाद पश्चिमी विक्षोभ आएगा, लेकिन उसका असर कानपुर परिक्षेत्र में नहीं रहेगा। पहली बार ऐसा हुआ है कि अप्रैल में लगातार छह पश्चिमी विक्षोभ आए हैं। उन्होंने बताया कि अगले सप्ताह से थार मरुस्थल से गर्म हवाएं आने का अनुमान है। इससे वातावरण में और तपिश बढ़ेगी।
स्थानीय स्तर पर हो सकती है बूंदाबादी
गर्मी में लगातार बढ़ोतरी होती जाएगी। दिन के साथ रात का भी तापमान बढ़ता रहेगा। धूल भरी आंधी भी चलेगी। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अगले पांच दिन हल्के मध्यम बादल छाए रहेंगे। 20 अप्रैल को गरज-चमक के साथ तेज हवाएं चलेंगी। लो प्रेशर होने पर स्थानीय स्तर पर बूंदाबादी हो सकती है।
18 अप्रैल का अधिकतम तापमान का आंकड़ा
वर्ष 2019- 32.6 डिग्री सेल्सियस।
वर्ष 2020- 37.8 डिग्री सेल्सियस।
वर्ष 2021- 37.8 डिग्री सेल्सियस।
वर्ष 2022- 43 डिग्री सेल्सियस।
वर्ष 2023- 39.2 डिग्री सेल्सियस।