मुंबई । मुंबई की मेयर ऋतु तावड़े और अन्य अधिकारियों को धमकी भरा ईमेल भेजा गया है। इस ईमेल में अभिनेता अमिताभ बच्चन और गायक दिलजीत दोसांझ का भी नाम लिया गया है। एक ओर जहां बिग बी के बंगले को निशाना बनाने की धमकी दी गई है वहीं दूसरी ओर गायक दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट में बम धमाका करने की धमकी मिली है।
बता दें, दिलजीत का कॉन्सर्ट 27 नवंबर, 2026 को मुंबई में आयोजित होने वाला है।
धमकी भरे मेल में और क्या?
23 अक्तूबर को सुबह 11:31 बजे भेजे गए ईमेल में मुंबई मेयर कार्यालय में रात 3:11 बजे धमाका करने की धमकी दी गई है। ईमेल में 31 अक्तूबर को मुंबई के एक स्कूल में ग्रेनेड हमले और 27 नवंबर को महालक्ष्मी रेस कोर्स में बम धमाके की धमकी दी गई है। इसके अलावा ईमेल में खालिस्तान समर्थक नारे का उल्लेख किया गया है। धमकी भरे ईमेल की जांच की जा रही है।
डीसीपी मनीष कलवानिया ने बताया कि बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) को एक धमकी भरा ईमेल मिला था। जांच करने पर कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया। इसके अलावा, दादर के स्कूलों को भी धमकियां दी गई हैं।
पहले भी मिला धमकी भरा मेल
एक अधिकारी ने बताया कि 20 मार्च को भी कुछ ऐसा ही मामला सामने आया था, जब मुंबई प्रेस क्लब को एक धमकी भरा ईमेल मिला। इसमें दावा किया गया था कि इमारत के अंदर जहरीली गैस से भरे कई छोटे बम रखे गए हैं, जो दोपहर 1 बजे फट जाएंगे।
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह ईमेल 'नीराजा अजमल खान' नाम के किसी व्यक्ति ने भेजा था। भेजने वाले ने दावा किया कि प्रेस क्लब की इमारत के अंदर 42 'जहरीली गैस' वाले उपकरण लगाए गए हैं।
ईमेल में क्या था?
ईमेल में लिखा था, 'हम, कोयंबटूर के मुसलमान, एक कड़वी सच्चाई जान गए हैं। उदयनिधि के चालाक परिवार ने हमें सिर्फ एक 'वोट बैंक' की तरह इस्तेमाल किया और हमारी सुरक्षा के नाम पर हमें ही सजा दी। हमारे जिन नेताओं ने पिछले चुनाव में जीएमके का समर्थन किया था, उन्हें अब उसी उदयनिधि ने 'UAPA' के तहत गिरफ्तार करवा दिया है, जिसका हमने कभी समर्थन किया था। जब हमने उनका पर्दाफाश करने की कोशिश की, तो तमिलनाडु के मीडिया संस्थानों ने हमें रोक दिया। इसलिए हम आपके राज्य में आए, मगर आपने भी हमें निराश किया।'
ईमेल में यह भी दावा किया गया कि इन उपकरणों का मकसद सिर्फ संपत्ति को नुकसान पहुंचाना था और साथ ही इमारत को खाली करने की अपील भी की गई।


