बठिंडा । बठिडा जिले के मौड़ क्षेत्र के एक सरकारी सीनियर सेकेंडरी स्कूल में कार्यरत महिला साइंस टीचर के साथ छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपित गणित शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
पीड़िता ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह जुलाई 2018 से शिक्षक के रूप में कार्यरत है और जून 2023 से गांव मौड़ खुर्द स्थित स्कूल में तैनात है। स्कूल में साइंस लैब का कार्य चल रहा था, जहां अलमारियों के दरवाजों में समस्या आने पर एक कमेटी बनाई गई थी, जिसमें वह और आरोपित शिक्षक प्रवीन कुमार भी शामिल हैं।
पीड़िता के अनुसार जब उसने वरिष्ठ होने के नाते आरोपित को अलमारियों की खराबी के बारे में बताया, तो उसने लैब में आकर दिखाने को कहा। लैब में पहुंचने पर आरोपित शिक्षक ने महिला शिक्षक पर गलत टिप्पणी की और फिर उसके करीब आने लगा। विरोध करने पर आरोपित शिक्षक ने जबरन महिला शिक्षक का हाथ पकड़ लिया और उसके साथ छेड़छाड़ और दुर्व्यवहार किया।
महिला ने बताया कि आरोपित शिक्षक ने उसे धमकाया कि अगर उसने किसी को घटना के बारे में बताया, तो इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे। किसी तरह महिला शिक्षक वहां से निकलकर बाहर आई और बाद में महिला स्टाफ और अपने परिवार को घटना की जानकारी दी। घटना की सूचना मिलने पर पीड़िता का पति और ससुर स्कूल पहुंचे, जिसके बाद पीड़िता परिवार सहित थाना मौड़ पहुंची और शिकायत दर्ज करवाई। थाना मौड़ पुलिस ने आरोपित शिक्षक के खिलाफ केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।


