बंगलूरू । कर्नाटक की राजधाना बंगलूरू में शादी के कार्ड बांटते समय एक तेज रफ्तार ट्रक ने स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे 27 वर्षीय महिला (जिसकी शादी कुछ ही दिनों में होने वाली थी) और उसकी 19 वर्षीय चचेरी बहन की मौत हो गई। यह जानकारी पुलिस ने बुधवार को दी। यह हादसा मैसूर रोड पर दीपांजलि नगर मेट्रो स्टेशन के पास दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ।
कब थी शादी?
मृतकों की पहचान महालक्ष्मी लेआउट की रहने वाली सिंधुश्री (27) और उसकी चचेरी बहन विद्या (19) के रूप में हुई है। सिंधुश्री की शादी 16 नवंबर को होने वाली थी। ये दोनों महिलाएं शादी के कार्ड बांटने के लिए स्कूटर से मैसूर रोड की ओर जा रही थीं, तभी एक तेज रफ्तार ट्रक ने उनके स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों महिलाएं सड़क पर गिर गईं और फिर ट्रक उनके ऊपर से गुजर गया। पुलिस के अनुसार, गंभीर चोटें आने के कारण दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया है, क्योंकि सिंधुश्री की शादी में अब बस कुछ ही दिन बचे थे। ट्रक ड्राइवर अपना वाहन वहीं छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने राजस्थान रजिस्ट्रेशन नंबर वाले ट्रक को जब्त कर लिया है और हादसे के संबंध में मामला दर्ज कर लिया है।
"आज मेरी बेटी की 'हल्दी' की रस्म होनी थी, लेकिन इसके बजाय मैं उसका अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहा हूँ। रविवार को उसकी शादी का रिसेप्शन था और पूरा घर शादी की तैयारियों से भरा हुआ था। अब सब कुछ खत्म हो गया है।" सड़क हादसे में अपनी इकलौती बेटी सिंधुश्री (29) को खोने वाले नंजुंदप्पा के ये दिल तोड़ने वाले शब्द, उस परिवार के असीम दुख को बयां करते हैं जो बड़ी खुशी से उसकी शादी की तैयारियां कर रहा था।
पिता ने क्या कहा?
गुरुवार को मुर्दाघर में, गहरे सदमे में डूबे पिता बार-बार यही कह रहे थे कि उनकी बेटी को इस समय अपनी शादी की रस्मों का पहला दिन मनाना चाहिए था, न कि उनके सामने मृत पड़ी होनी चाहिए थी। उन्होंने आगे कहा, 'आज मेरी बेटी की 'हल्दी' की रस्म होनी थी, लेकिन इसके बजाय मैं उसका अंतिम संस्कार करने की तैयारी कर रहा हूं। रविवार को उसकी शादी का रिसेप्शन था और पूरा घर शादी की तैयारियों से भरा हुआ था। अब सब कुछ खत्म हो गया है।'
रिश्तेदारों ने इलाके में मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर भी सवाल उठाए और हादसे के लिए जवाबदेही तय करने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि अगर सड़क पर भारी मालवाहक वाहनों को आने की अनुमति न दी गई होती, तो इस हादसे को टाला जा सकता था।


