कारगिल । जम्मू-कश्मीर में लगातार हो रही बारिश ने कई इलाकों में भारी तबाही मचाई है। सोमवार को गांदरबल जिले के सफापोरा स्थित शेख मोहल्ला में बादल फटने की घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
वहीं कारगिल में आए फ्लैश फ्लड ने बड़े पैमाने पर नुकसान पहुंचाया है। कई घर क्षतिग्रस्त हो गए हैं, जबकि कृषि भूमि और बाग-बगीचों को भी भारी नुकसान हुआ है।
जानकारी के अनुसार सफापोरा के शेख मोहल्ला में अचानक बादल फटने के बाद तेज बहाव के साथ पानी और मलबा रिहायशी इलाके में घुस गया। इससे स्थानीय संपत्तियों को नुकसान पहुंचा और लोगों का सामान्य जनजीवन प्रभावित हो गया। घटना के बाद प्रशासन ने हालात का जायजा लेना शुरू कर दिया है। स्थानीय लोगों ने प्रभावित परिवारों को जल्द राहत उपलब्ध कराने और क्षतिग्रस्त बुनियादी ढांचे को शीघ्र बहाल करने की मांग की है।
उधर, कारगिल में फ्लैश फ्लड ने कई इलाकों में तबाही मचाई है। बाढ़ के तेज बहाव से कई मकान क्षतिग्रस्त हो गए जबकि बड़ी मात्रा में कृषि भूमि, खेत और बाग-बगीचे प्रभावित हुए हैं। तेज पानी के बहाव में बड़ी संख्या में पेड़ भी उखड़कर बह गए, जिससे पर्यावरण और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नुकसान पहुंचा है।
कृषि पर निर्भर कई परिवारों के सामने आजीविका का संकट खड़ा हो गया है। फसलों और खेती योग्य जमीन को हुए नुकसान से किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। प्रभावित लोग अब अपने घरों और खेतों को दोबारा व्यवस्थित करने की चुनौती का सामना कर रहे हैं। प्रशासन और राहत एजेंसियां प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर नुकसान का आकलन कर रही हैं। साथ ही, प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाने और आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के प्रयास जारी हैं।


