साउथैम्पटन । इंग्लैंड ने तीन टी20 मैचों की सीरीज के पहले मुकाबले में श्रीलंका को 119 रन के बड़े अंतर से हराकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। साउथैम्पटन के रोज बाउल में खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में चार विकेट पर 254 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में श्रीलंकाई टीम 19 ओवर में 135 रन पर सिमट गई।
इंग्लैंड की जीत के नायक कप्तान हैरी ब्रूक और जोस बटलर रहे। ब्रूक ने शतक लगाया, जबकि बटलर सेंचुरी से चूक गए।
बटलर ने बरसाए चौके-छक्के
श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया, लेकिन इंग्लैंड के बल्लेबाजों ने शुरुआत से ही गेंदबाजों पर दबाव बना दिया। पूर्व कप्तान जोस बटलर ने पारी की शुरुआत करते हुए 44 गेंदों में 80 रन की विस्फोटक पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में आठ चौके और तीन छक्के लगाए। बटलर तेजी से रन बनाते रहे और एक समय ऐसा लग रहा था कि वह अपना शतक भी पूरा कर लेंगे, लेकिन उनकी पारी 80 रन पर समाप्त हो गई। इसके बावजूद उन्होंने इंग्लैंड को बड़े स्कोर की मजबूत नींव दे दी।
ब्रूक का तूफान, 42 गेंद में शतक
बटलर के बाद कप्तान हैरी ब्रूक ने मोर्चा संभाला और श्रीलंकाई गेंदबाजों की जमकर खबर ली। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे ब्रूक ने सिर्फ 49 गेंदों में नाबाद 114 रन की पारी खेली। उन्होंने अपनी पारी में 10 चौके और छह छक्के लगाए। ब्रूक ने महज 20 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और इसके बाद 42 गेंदों में टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर का दूसरा शतक जड़ दिया। उनकी इस पारी की बदौलत इंग्लैंड 20 ओवर में चार विकेट पर 254 रन तक पहुंचने में सफल रहा। ब्रूक को उनकी शानदार पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
जैक्स ने भी तेज रन बनाए
इंग्लैंड के लिए एन्यूरिन डोनाल्ड ने पांच गेंदों पर 12 रन बनाए। टॉम बेंटन ने 10 गेंदों पर 10 रन और विल जैक्स ने 12 गेंदों पर 21 रन का योगदान दिया। श्रीलंका की ओर से दुश्मंथा चमीरा, दुनिथ वेलालागे, एहसान मलिंगा और वानिंदु हसरंगा ने एक-एक विकेट लिया।
135 रन पर ढेर हुई श्रीलंकाई टीम
255 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम शुरुआत से ही दबाव में रही। टीम के बल्लेबाज इंग्लैंड के गेंदबाजों का सामना नहीं कर सके और पूरी टीम 19 ओवर में 135 रन पर ऑलआउट हो गई। दुनिथ वेलालागे ने श्रीलंका की ओर से सबसे ज्यादा 33 रन बनाए, जबकि दासुन शनाका ने 24 रन का योगदान दिया। इनके अलावा कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। निसांका 12 रन, कामिल मिशारा 10 रन, लाहिरू उदारा पांच रन, कप्तान चरिथ असलंका 10 रन, दासुन शनाका 24 रन, कामिंदु मेंडिस दो रन और वानिंदु हसरंगा चार रन बनाकर आउट हुए। इस तरह श्रीलंका को 119 रन की करारी हार का सामना करना पड़ा।
इंग्लैंड के गेंदबाजों ने भी दिखाया दम
इंग्लैंड की ओर से सोनी बेकर सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने चार ओवर में सिर्फ 12 रन देकर तीन विकेट चटकाए। लियाम डॉसन और जेमी ओवरटन को दो-दो विकेट मिले। जोश टंग, विल जैक्स और आदिल राशिद ने भी एक-एक विकेट लिया। इंग्लैंड ने इस जीत के साथ तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है। सीरीज का दूसरा मुकाबला गुरुवार को भारतीय समयानुसार रात 11 बजे से खेला जाएगा।


