खडूर साहिब । तरनतारन जिले के गांव चौधरीवाला में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पंजाब पुलिस के हेड कांस्टेबल भूपिंदर सिंह की पत्नी राजबीर कौर और मां सुरजीत कौर की हत्या कर दी गई। पड़ोसी बलदेव सिंह फौजी ने उन्हें अपनी स्विफ्ट कार से कुचल दिया।
वारदात गुरुवार शाम करीब छह बजे हुई। हत्या के बाद आरोपी बलदेव सिंह फरार हो गया। अगले दिन पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लिया। पुलिस ने बलदेव सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया। हेड कांस्टेबल भूपिंदर सिंह और पड़ोसी बलदेव सिंह के परिवारों में पुरानी कहासुनी थी। राजबीर कौर का भाई झिलमिल सिंह उनसे मिलने गांव चौधरीवाला आया था।
शाम को राजबीर कौर अपनी सास सुरजीत कौर के साथ पड़ोसी बलदेव सिंह के घर गईं। झिलमिल सिंह ने घर से शोर सुना। उसने देखा कि बलदेव सिंह ने गुस्से में अपनी स्विफ्ट कार आंगन में खड़ी दोनों महिलाओं पर चढ़ा दी। दोनों गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें गुरु नानक देव सुपर स्पेशलिटी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।


