गुवाहाटी । असम के शिवसागर में पुलिस फायरिंग की घटना में घनकांत गोगोई की मौत हो गई। उस पर गुवाहाटी में पांच लोगों की गोली मारकर हत्या करने की घटना में शामिल होने का आरोप था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को ले जाने के दौरान यह घटना हुई। घायल अवस्था में उसे अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस अधिकारी की पिस्तौल छीनने की कोशिश का आरोप
एसएसपी पापोरी चेतिया ने बताया कि शिवसागर पुलिस स्टेशन में दर्ज मामले में वांछित आरोपी को पुलिस वाहन से ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने शौच जाने की इच्छा जताई। इसके बाद पुलिस उसे वाहन से उतारकर एक स्थान पर ले गई।
एसएसपी के अनुसार, आरोपी एक प्रशिक्षित निशानेबाज था। उसने कथित तौर पर जांच अधिकारी की सर्विस पिस्तौल छीनने की कोशिश की। इस दौरान हाथापाई हुई और तीन गोलियां चलीं।
पुलिसकर्मी की जवाबी फायरिंग में घायल हुआ आरोपी
पापोरी चेतिया ने बताया कि कथित हमले को रोकने के लिए एक पुलिसकर्मी को अपनी सर्विस पिस्तौल से जवाबी गोली चलानी पड़ी। इस दौरान आरोपी भी घायल हो गया। इसके बाद पुलिस उसे अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
गुवाहाटी होटल गोलीकांड: लीज विवाद में गई पांच लोगों की जान, जानें पूरा मामला
असम के गुवाहाटी में 26 अक्तूबर 2026 की रात उलुबाड़ी इलाके के होटल बिलास इन में गोलीबारी हुई थी। इस घटना में होटल मालकिन हेलेना भराली समेत पांच लोगों की मौत हो गई थी। पुलिस के मुताबिक, होटल की लीज और प्रबंधन को लेकर हेलेना भराली और घनकांत गोगोई के बीच विवाद चल रहा था।
दोनों के बीच सितंबर 2025 में पांच साल का लीज समझौता हुआ था। 26 अक्तूबर को विवाद सुलझाने के लिए बैठक बुलाई गई थी। इसी दौरान कहासुनी बढ़ गई और गोलीबारी शुरू हो गई। पुलिस ने घनकांत गोगोई को गिरफ्तार किया था।


