नई दिल्ली । दिल्ली सहित एनसीआर के कई इलाकों में बृहस्पतिवार सुबह बदरा बरस गए। बारिश के कारण मौसम काफी सुहावना हो गया है। लोगों को लंबे समय से परेशान कर रही उमस भरी गर्मी से बड़ी राहत मिली है।
बृहस्पतिवार सुबह से ही दिल्ली-एनसीआर में रुक-रुककर हल्की बारिश दर्ज की गई है। गुड़गांव के ज्यादातर हिस्सों में सुबह-सुबह भारी बारिश हुई है। आईएमडी के अनुसार, गुरुग्राम में अगले कुछ घंटों तक शहर में हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। जलभराव की स्थिति भी बने रहने का अनुमान है, जिससे निचले इलाकों में आवाजाही मुश्किल हो सकती है। दिन के पहले हिस्से में दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और फरीदाबाद के कुछ और इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। कुछ जगहों पर थोड़ी भारी बारिश होने की भी संभावना है, जिसके लिए विभाग ने पहले ही चेतावनी जारी की है।
आईएमडी का येलो अलर्ट
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली और एनसीआर के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इसके तहत लोगों को विशेष रूप से सतर्क रहने की सलाह दी गई है। बारिश के कारण सड़कों पर पानी भरने से जलभराव की स्थिति बन सकती है। इससे सुबह के समय यातायात प्रभावित होने की आशंका है और यात्रियों को आवागमन में असुविधा हो सकती है।
दिल्ली समेत पूरे एनसीआर में मौसम विभाग का अलर्ट
पूरे दिल्ली और एनसीआर कैथल, गन्नौर, सोनीपत, खरखौदा, झज्जर, फरुखनगर, सोहाना, रेवारी, पलवल, बावल, नूंह, औरंगाबाद, होडल (हरियाणा) बड़ौत, दौराला, बागपत, मेरठ, खेकड़ा, मोदीनगर, किठौर, पिलखुआ, हापुड, गुलौटी, सियाना, सिकंदराबाद, बुलंदशहर, शिकारपुर में हल्की आंधी और बिजली के साथ मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है। खुर्जा, पहासू, गभाना, जट्टारी, खैर, अलीगढ़, नंदगांव, बरसाना, राया, मथुरा, टूंडला, आगरा (यूपी) भिवाड़ी, तिजारा, खैरथल, अलवर, नगर, डीग, लक्ष्मणगढ़, राजगढ़, नदबई, भरतपुर, महावा, महंदीपुर बालाजी, बयाना (राजस्थान)।


