बटाला । पंजाब में नशे का विरोध करने पर एक और युवक की हत्या का मामला सामने आया है। वारदात बटाला के श्री हरगोविंदपुर के माड़ी पन्नवां गांव में हुई। नशे का विरोध करने पर 40 साल के बिक्रमजीत सिंह पर तेजधार हथियार से हमला कर उसे माैत के घाट उतार दिया गया। हमले में दो अन्य गंभीर घायल हुए हैं।
मानसा में हुई थी नशा विरोधी एक्टिविस्ट की हत्या
नशे का विरोध करने पर पंजाब में तीन दिन में दूसरी हत्या से सनसनी फैल गई है। इससे पहले मंगलवार को मानसा में नशे के खिलाफ बड़े स्तर पर सामाजिक मुहिम चलाने वाले मशहूर नशा विरोधी एक्टिविस्ट परमिंदर सिंह झोटा की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।इस जानलेवा हमले में उनके साथ मौजूद तीन अन्य युवक भी गंभीर रूप से घायल हुए थे। मामले के मुख्य आरोपी मेडिकल स्टोर मालिक को पुलिस ने राजस्थान से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने जेसीबी से आरोपी के घर को भी गिरा दिया था। वहीं झोटा की हत्या से गुस्साए लोगों ने आरोपी की मेडिकल शॉप में आग लगा दी।
सीएम आज लेंगे नशे के विरुद्ध अभियान की समीक्षा बैठक
झोटा की हत्या के बाद सरकार भी हरकत में आई है। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आज फिल्लौर में युद्ध नशे के विरुद्ध अभियान की समीक्षा बैठक बुलाई है। इसमें सभी जिलों के एसएसपी, डीसी, डीएसपी व एसडीएम हिस्सा लेंगे। बैठक में मेडिकल नशों के दुरुपयोग पर सख्ती करने को लेकर अहम फैसले लिए जा सकते हैं, वहीं नशों तस्करों के नेटवर्क पर नकेल कसने के लिए प्रशासन और पुलिस की जवाबदेही तय की जाएगी। हालांकि सीएम की इस हाई लेवल मीटिंग से पहले ही बटाला की घटना ने एक बार फिर नशे के काले कारोबार पर सवाल खड़े कर दिए हैं।


