अमृतसर । अमृतसर में 11 सितंबर को एएसआई जसवंत सिंह को गोली मार जख्मी करने के मामले में गिरफ्तार आरोपी पुलिस हिरासत से फरार हो गया। आरोपी का नाम करण है और गांव झंझोटी का रहने वाला था। आरोपी को पुलिस ने बुधवार शाम को ही गिरफ्तार किया था और पूछताछ के आधार पर उससे रात के समय हथियार रिकवरी के लिए लेकर गए थे।
लेकिन इसी दौरान वह मौका पाकर फरार हो गया। इसके बाद एसएसपी देहाती ने तुरंत प्रभाव से थाना प्रभारी गुरप्रीत सिंह को सस्पेंड कर दिया। हालांकि पुलिस अधिकारी पूरे मामले में फिलहाल खुलकर जानकारी देने से बच रहे हैं।
जानकारी के मुताबिक 11 सितंबर की रात राजासांसी इलाके में अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस लाइन में तैनात एएसआई जसवंत सिंह बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उनका पीछा कर सिर पर गोली चला दी। गोली उनकी पगड़ी को भेदते हुए सिर को छूकर निकल गई थी, जिससे उन्हें मामूली चोट आई थी।
पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज के आधार पर करण को गिरफ्तार किया था। डयूटी मजिस्ट्रेट के पास पेश करने के बाद उसे पांच दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पुलिस आरोपी से पूछताछ के आधार पर उसके साथियों और वारदात में इस्तेमाल हथियार की तलाश कर रही थी। इसी के तहत बुधवार रात को हथियार रिकवरी के लिए मजीठा इलाके में ले जाया गया था।
टीटीपी ने ली थी इस वारदात की जिम्मेदारी
इस वारदात की जिम्मेदारी पाकिस्तान स्थित तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (टीटीपी) की ओर से ली गई थी। टीटीपी ने सोशल मीडिया पर घटना को लेकर एक पोस्टर जारी किया गया था। हालांकि बाद में सामने आया कि पोस्टर में इस्तेमाल तस्वीर गलत थी। पुलिस जांच में घटना को पुरानी रंजिश से जोड़कर देखा जा रहा था।


