नई दिल्ली। गुरुवार की सुबह दिल्ली के कई हिस्सों में बारिश हुई, जिससे राष्ट्रीय राजधानी में मानसून का दौर जारी रहा। इस बारिश से हाल की उमस भरी गर्मी से निवासियों को काफी राहत मिली है।
मौसम विभाग ने जारी किया ऑरेंज अलर्ट
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने राजधानी के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। यह दिन के अधिकांश समय क्षेत्र में भारी बारिश का संकेत देता है। लगातार बारिश के कारण शहर के कुछ हिस्सों में हल्का जलभराव हो गया। इनमें नई दिल्ली रेलवे स्टेशन और मुनिरका जैसे इलाके शामिल हैं।
10 जुलाई तक नहीं सुकने वाली बारिश
आईएमडी के अनुसार, 10 जुलाई तक हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में व्यापक बारिश की संभावना है। पूर्वोत्तर उत्तर प्रदेश में 13 जुलाई तक बारिश का एक नया दौर जारी रहने की उम्मीद है।
मौसम विभाग की सलाह
पूर्वी राजस्थान में 9 जुलाई को इसी तरह की गतिविधि देखने को मिल सकती है। इन क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है, जिससे तापमान में गिरावट आएगी और उमस से राहत मिलेगी। मौसम विभाग ने किसानों को भी सलाह दी है कि वे अपनी फसलों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाएं।
अन्य राज्यों में मौसम के हालात
लगातार बारिश से हाल के दिनों में बढ़ती उमस से राहत मिलने की उम्मीद है। सुबह 2.30 बजे तापमान लगभग 25.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बुधवार को उत्तर भारत में मानसून की महत्वपूर्ण बारिश हुई, जिससे भीषण गर्मी से राहत मिली। उत्तर प्रदेश के मथुरा में रात भर हुई भारी बारिश से व्यापक जलभराव हो गया। इससे यातायात और पैदल चलने वालों की आवाजाही काफी बाधित हुई। कई निचले इलाकों में घरों में पानी घुस गया, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया।
पानी का स्तर तीन फीट से ऊपर
इस बीच, राजस्थान में भी भारी बारिश दर्ज की गई। डूंगरपुर में रात भर हुई भारी बारिश के साथ बिजली गिरने से कई इलाकों में बाढ़ और जलभराव हो गया। पुराने शहर के घाटी, कनेरा पोल, मोची बाजार और भोईवाड़ा जैसे हिस्सों में पानी का स्तर तीन फीट से ऊपर पहुंच गया।
जलभराव से बढ़ी लोगों की परेशानी
स्थानीय प्रशासन ने जलभराव वाले क्षेत्रों से लोगों को निकालने के लिए बचाव अभियान शुरू किया है। बिजली आपूर्ति भी बाधित हुई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
गाजियाबाद में भारी बारिश के कारण सभी स्कूल बंद
जिले में भारी बारिश के चलते 9 जुलाई 2026 को सभी सरकारी, प्राइवेट और अशासकीय सहायता प्राप्त स्कूलों में अवकाश घोषित कर दिया गया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर बेसिक शिक्षा अधिकारी ने यह आदेश जारी किया। शालीमार गार्डन का बड़ा नाला उफनकर सड़क पर आ गया। रात भर हुई बारिश के बाद गलियों में पानी घुस गया।
मुरादनगर में में जलभराव
लगातार भारी बारिश ने बसंतपुर सैंथली स्थित लैंडक्राफ्ट मेट्रो होम्स सोसाइटी की जल निकासी और रखरखाव व्यवस्था की पोल खोल दी है। जल निकासी प्रणाली ठप होने से सोसाइटी का व्यावसायिक क्षेत्र और बेसमेंट पार्किंग जलमग्न हो गए। घुटनों तक भरे पानी के कारण कई दुकानों में पानी घुस गया, जिससे लाखों रुपये का सामान खराब हो गया। सोसाइटियों के बाहर भी कई जगहों पर पानी भर गया।
गाजियाबाद के इंदिरापुरम में जलभराव
गाजियाबाद में भारी बारिश के कारण इंदिरापुरम इलाके में जलभराव हो गया। जिससे रोजाना आने-जाने वालों और स्थानीय निवासियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मूसलाधार बारिश के बाद सड़कें पूरी तरह पानी में डूब गईं।
मानसून की बारिश में सड़कें बन गई तालाब
ग्रेनो वेस्ट स्थित अरिहंत आर्डन सोसाइटी के सामने वाली सड़क पर लगातार बारिश के कारण जलभराव हो गया है। इससे निवासियों और वाहन चालकों को आने-जाने में परेशानी हो रही है, जिससे यातायात प्रभावित हुआ है।
दिल्ली-नोएडा- गाजियाबाद में 24 घंटे की बारिश के आंकड़े
दिल्ली-एनसीआर में सुबह 8.30 बजे तक पिछले 24 घंटों में हुई बारिश के आंकड़े इस प्रकार हैं। दिल्ली में टुकमीरपुर, खजूरी में 160 मिलीमीटर, सफदरजंग में 73 मिलीमीटर, पालम में 63 मिलीमीटर, लोधी रोड में 80 मिलीमीटर, रिज में 78 मिलीमीटर, दिल्ली विश्वविद्यालय में 90 मिलीमीटर, आयानगर में 57 मिलीमीटर, महरौली में 86 मिलीमीटर, छतरपुर में 72 मिलीमीटर, मयूर विहार में 103 मिलीमीटर, पूसा में 83 मिलीमीटर, लोधी रोड एडब्ल्यूएस में 83 मिलीमीटर, प्रगति मैदान में 50 मिलीमीटर, नारायणा में 63 मिलीमीटर, जनकपुरी में 62 मिलीमीटर, नजफगढ़ में 43 मिलीमीटर, झरोदा कलां में 33 मिलीमीटर, जाफरपुर में 6 मिलीमीटर और मुंगेशपुर में 41 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। गाजियाबाद में हिंडन में 134 मिलीमीटर और कमला नेहरू नगर में 164 मिलीमीटर बारिश हुई। गुरुग्राम में नॉर्थ कैप विश्वविद्यालय में 27 मिलीमीटर और केवीके में 36 मिलीमीटर बारिश हुई। गौतम बुद्ध नगर के टांडा में 62 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई।


