दिल्ली। नरेला औद्योगिक क्षेत्र इलाके में सोमवार रात लूटपाट का विरोध करने पर बदमाशों ने एक युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल 25 साल के शिवम को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार घायल शिवम नरेला के भोरगढ़ स्थित जी-7 इलाके का रहता है। वह बवाना सेक्टर-2 स्थित एक फैक्टरी में काम करता है।
सोमवार रात वह काम खत्म करने के बाद फैक्टरी से घर लौट रहा था। रास्ते में पहले से तीन बदमाश घात लगाकर बैठे हुए थे। शिवम के वहां पहुंचते ही बदमाशों ने उसे रोक लिया। बदमाशों ने चाकू मारने की धमकी देकर शिवम से लूटपाट करने का प्रयास करने लगे। विरोध करने पर बदमाशों ने उसपर चाकू से तीन चार वार कर दिए। घायल करने के बाद बदमाश उससे नकदी और अन्य सामान लूटकर भाग गए।


