नई दिल्ली । राजधानी दिल्ली के केशवपुरम थाना पुलिस ने जल्द पैसे कमाने के लिए लूटपाट करने वाले एक बदमाश को उसके साथी के साथ गिरफ्तार किया है। बदमाशों की पहचान शास्त्री नगर निवासी अनिकेत उर्फ मुकुल और भलस्वा डेयरी निवासी सचिन के रूप में हुई है।
पुलिस ने इनके कब्जे से छह मोबाइल फोन और तीन दोपहिया वाहन बरामद किए हैं। पुलिस ने इनकी गिरफ्तारी से 12 मामले सुलझाने का दावा किया है।
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस उपायुक्त आकांक्षा यादव ने बताया कि 14 अप्रैल को केशवपुरम थाना पुलिस को मोबाइल फोन झपटने की सूचना मिली। शिकायतकर्ता ने बताया कि बाइक से आए दो बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया।
थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बदमाशों के भागने की दिशा में लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों की जांच की। फुटेज के जरिए पुलिस ने दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे और निशानदेही पर छह चोरी और झपटे गए मोबाइल फोन, दो चोरी की स्कूटी और एक चोरी की बाइक बरामद की गई।
पूछताछ में बदमाशों ने बताया कि जल्द पैसे कमाने के लिए वे वारदात को अंजाम देते थे। वारदात को अंजाम देने के लिए पहले दोपहिया वाहन चोरी करते थे। पुलिस अधिकारी ने बताया कि अनिकेत उर्फ मुकुल पर पहले से झपटमारी, लूटपाट, आर्म्स एक्ट और चोरी के सात मामले दर्ज हैं।


