नई दिल्ली । शाहदरा जिला पुलिस ने करीब एक करोड़ की हेरोइन के साथ मादक पदार्थ तस्कर को दबोचा है। पकड़े गए आरोपी की पहचान रॉकी उर्फ प्रदीप (35) के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी के पास से 282 ग्राम उम्दा किस्म की हेरोइन के अलावा एक स्कूटी व अन्य सामान बरामद किया है।
आरोपी से पूछताछ कर मामले की जांच की जा रही है।
इस बात का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी हेरोइन किससे और कहां से लाता था। शुरुआती जांच में पता चला है कि हेरोइन बरेली से आ रही थी। जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि आरोपी रॉकी के खिलाफ मादक पदार्थ की तस्करी के चार मामले पहले से दर्ज हें। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।
शाहदरा जिला के पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स को खबर मिल रही थी कि मादक पदार्थ की तस्करी में शामिल एक बदमाश डीयर पार्क, दिल्ली जल बोर्ड, सीमापुरी के पास आने वाला है। टीम ने मौके पर जाल बिछा दिया। इस बीच एक युवक स्कूटी पर सवार होकर वहां पहुंचा।
पुलिस ने आरोपी को रोकर उसकी तलाशी ली। उसके पास से एक पैकेट में 282 ग्राम हेरेाइन बरामद हुई। आरोपी रॉकी को गिरफ्तार कर लिया गया। रॉकी ने बताया कि वह पूरे यमुनापार के अलावा दिल्ली और एनसीआर के कई इलाकों में अपना माल सप्लाई करता है। उसका सोर्स उसे सीमापुरी में ही हेरोइन उपलब्ध करवाता है।


