नई दिल्ली । दिल्ली विश्वविद्यालय (डीयू) के दक्षिणी परिसर के पास सत्य निकेतन की एक संकरी गली में लड़कों के छात्रावास के रूप में इस्तेमाल हो रही 30 साल पुरानी पांच मंजिला इमारत रविवार को भरभरा कर ढह गई। जमींदोज हुई इस इमारत हादसे में छह लोगों की मौत हो गई, जबकि मलबे में दबे अन्य लोगों की तलाश जारी है।
इस हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें बिल्डिंग गिरने के बाद धूल का गुबार उठता दिख रहा है।
गैर इरादतन हत्या के तहत मामला दर्ज
सत्य निकेतन मामले में दिल्ली पुलिस ने हॉस्टल मालिक आनंद बंसल के भाई हरिराम बंसल के खिलाफ साउथ कैंपस थाना क्षेत्र में मामला दर्ज किया है। बिल्डिंग हादसे में गैर इरादतन हत्या और लापरवाही समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज हुआ है। केस में कथित मालिक हरिराम और अन्य लोगों को आरोपी बनाया गया है। दिल्ली पुलिस के अनुसार यह इमारत पीजी के तौर पर इस्तेमाल हो रही थी।
चार मंजिल से ऊपर की अवैध इमारतें होंगी सील
दिल्ली नगर निगम ने चार मंजिल से अधिक के सभी अवैध निर्माण तत्काल प्रभाव से सील करने और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। मेयर प्रवेश वाही ने रविवार रात यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।


