नई दिल्ली । उत्तर-पूर्वी जिले के उस्मानपुर इलाके में एक पांच साल के बच्चे की चाइनीज मांझे से गला कटने के कारण मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि जग प्रवेश चंद्र अस्पताल के पास एक बच्चे का गला 'चाइनीज मांझे' से कट गया। वह परिवार के साथ साइकिल पर जा रहा था।
जानकारी के अनुसार 3 मई 2026 को न्यू उस्मानपुर पुलिस स्टेशन को जेपीसी अस्पताल से सूचना मिली कि मांझे से घायल एक 5 वर्षीय बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल पहुंचने पर पता चला कि बच्चा अपनी मां और चाचा के साथ मोटरसाइकिल पर न्यू उस्मानपुर स्थित सीएनजी पंप की ओर जा रहा था, तभी अचानक ऊपर से मांझा उसके गले पर लगा और वह घायल हो गया। इलाज के दौरान बच्चे की मृत्यु हो गई। न्यू उस्मानपुर पुलिस स्टेशन में धारा 106/223 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।


