नई दिल्ली । बुराड़ी क्षेत्र में प्रेम संबंध से नाराज चचेरे भाई ने 17 साल की नाबालिग बहन की गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्या के बाद शव को सूटकेश में बंद कर ठिकाने लगा दिया। घटना की जानकारी के बाद बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने आरोपी 22 साल के अविनाश को गिरफ्तार कर बुराड़ी थाने के हवाले कर दिया।
पुलिस ने उसकी निशानदेही पर बुराड़ी इलाके से लड़की के शव को बरामद कर लिया है। लड़की के परिवार वालों ने घटना की शिकायत पुलिस को नहीं की थी। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी से पूछताछ कर रही है।
बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त शोभित डी सक्सेना ने बताया कि बाहरी उत्तरी जिला स्पेशल स्टाफ को सूचना मिली कि एक युवक सूटकेश लेकर बाइक से गया लेकिन, वापसी में उसके पास सूटकेश नहीं था। इस पर पुलिस ने अविनाश को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पता चला कि उसकी चचेरी बहन का किसी युवक से प्रेम संबंध चल रहा था। वह उससे शादी करना चाहती थी लेकिन, परिवार वाले इस रिश्ते के लिए मना कर दिया।
परिजनों ने अविनाश को लड़की को अपने साथ रखने के लिए कहा। आरोपी ने बताया कि यहां आने के बाद भी लड़की उस लड़के से संपर्क करने की कोशिश कर रही थी। 16 अगस्त को इसी बात को लेकर गुस्से में आकर उसने बहन की गला दबाकर हत्या कर शव को सूटकेश में डालकर उसे ठिकाने लगा दिया।


