महम । दो दिन पहले शादी में दोस्तों संग पैसे बटोरने गए जिले के गांव फरमाणा खास के मोहित (19) की पहले बेरहमी से गला घोंटकर हत्या की फिर पत्थर से कूचकर सिर धड़ से अलग कर दिया। शनिवार सुबह आठ बजे गेहूं के खेत में क्षत-विक्षप्त हालत में शव मिला है।
युवक का सिर धड़ के पास ही पड़ा मिला है। सिर की खाल उतरी हुई थी। चेहरे से एक आंख गायब तो दो दांत टूटे मिले। पुलिस ने एक हत्यारोपी गांव के ही युवक मंगल को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में खुलासा किया है कि दो माह पहले आरोपी से हुए झगड़े का बदला लिया है।
पिता वकील उर्फ बनिया ने गांव के ही चार युवकों पर बेटे की हत्या का शक जताया है। वारदात के बाद से अन्य आरोपी घर से लापता हैं। पुलिस ने आरोपियों को पकड़ने के लिए चार टीमें अपराध जांच शाखा प्रथम व द्वितीय, स्पेशल डिटेक्टिव स्टाफ और महम थाना पुलिस की गठित कर दी हैं जो दबिश दे रही हैं।
पुलिस के मुताबिक, फरमाणा खास गांव निवासी वकील उर्फ बनिया ने शुक्रवार शाम महम पुलिस को शिकायत दी थी। इसमें बताया कि उनके पांच बच्चे, तीन बेटियां व दो बेटे हैं। बड़ी बेटी से छोटा मोहित 26 मार्च की शाम करीब छह बजे घर पर कहकर गया था कि वह शादी में पैसे बटोरने जा रहा है।
इसके बाद जब बेटा घर नहीं लौटा तो गुमशुदगी दर्ज कराई। इसी बीच शनिवार सुबह गांव से बाहर फरमाणा बादशाहपुर निवासी साधु के गेहूं के खेत में मोहित का शव मिला। खेत मालिक ने गांव के सरपंच सोमबीर को घटना की सूचना दी। सोमबीर ने पुलिस के साथ फरमाणा खास गांव में घटन की सूचना दी।
वारदात के बाद महम थाना प्रभारी रवींद्र व एफएसएल एक्सपर्ट डॉक्टर सरोज दहिया मौके पर पहुंचीं और जांच की। मुंह के बल गिरे मोहित का गर्दन से अलग हुआ सिर साइड में पड़ा था। आरोपियों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दीं। युवक के सिर की खाल तक उतरी मिली। चेहरे से एक आंख गायब और दो दांत भी टूटे मिले। युवक की कमर पर धारदार हथियार के निशान थे।
जान बचाने के लिए जमकर छटपटाया, काफी दूर तक बिछी मिली गेहूं की फसल
शव के आसपास गेहूं की फसल काफी दूर तक बिछी मिली। घटनास्थल की स्थिति देखकर लग रहा था कि आरोपियों से जान बचाने के लिए मोहित जमकर छटपटाया लेकिन वह अपनी जान न बचा सका। मृतक के हाथों में मणियों की माला थी। पास में खून से सना पत्थर व कपड़ा पड़ा था। लग रहा था कि किसी ने पहले मोहित की गला घोंटकर हत्या की। इसके बाद शव क्षत-विक्षप्त किया है।
पूछताछ में आरोपी बोला, जनवरी में मोहित से हुआ था झगड़ा
मोहित के पिता वकील उर्फ बनिया ने गांव के चार युवकों हंसा, मंगल, रमलू व देवा पर ही बेटे की हत्या का शक जताया है। उन्होंने पुलिस को चारों आरोपियों के नाम लिखकर दिए हैं। बेटा मोहित धूम्रपान करता था। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी मंगल को शनिवार रात गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ने खुलासा किया कि वे मिलकर शादियों में पैसे एकत्रित करते हैं। जनवरी में मोहित का गांव के युवक हंसा के साथ झगड़ा हो गया था। उसी का बदला लेने के लिए उसने, हंसा, मंगल व देवा ने मिलकर मोहित की हत्या की है। चौथा आरोपी रमलू वारदात में शामिल है या नहीं, पुलिस इसकी जांच कर रही है।
पूरा बंडल पीकर गेहूं के खेत में ले गए थे आरोपी
महम थाना प्रभारी रवींद्र ने बताया कि आरोपी ने पूछताछ में खुलासा किया है कि शादी में पैसे बटोरने के बाद चारों ने बीड़ियों के पूरे बंडल का सेवन किया था। इसके बाद तीनों मोहित को गेहूं के खेत में ले गए। वहां पर दो माह पहले हुई मारपीट का बदला लेने के लिए मोहित का गला घोंट दिया। जब वह बेहोश हो गया तो पत्थर उठाकर चेहरे व गर्दन पर वार किया। गर्दन टूटने तक वार करते रहे। वहीं, पुलिस का यह भी मानना है कि हत्या के बाद रात को गीदड़ या कुत्तों ने शव को नोचा दिया होगा।
पुलिस ने मोहित की हत्या के आरोप में गांव के युवक मंगल को गिरफ्तार कर लिया है। बाकी आरोपी अभी गिरफ्त से बाहर हैं। पूछताछ में खुलासा हुआ है कि दो माह पहले मोहित की आरोपियों से कहासुनी हुई थी। बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस की चार टीमें गठित की गई हैं जो दबिश दे रही हैं। जल्द अन्य आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। - इंस्पेक्टर रवींद्र कुमार, महम थाना प्रभारी
डेढ़ साल पहले नौवीं कक्षा के बाद छोड़ दी थी पढ़ाई
पिता ने बताया कि बेटे मोहित ने डेढ़ साल पहले 9वीं कक्षा पास करने के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी। अब उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई। शव की हालत देखकर प्रतीत हो रहा है कि जानवरों ने उसे नोचा हुआ है।


