मथुरा। नौहझील थाना क्षेत्र में यमुना एक्सप्रेसवे पर बृहस्पतिवार देर रात एक बड़ा हादसा होने से टल गया। नोएडा से आगरा की ओर जा रही एक तेज रफ्तार जीप कंपास कार में माइलस्टोन 70 के समीप अचानक आग लग गई।
देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरी कार जलकर स्वाहा हो गई।
कार सवार तीन युवकों ने ऐन वक्त पर गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई। पुलिस के अनुसार, बृहस्पतिवार देर रात लगभग सवा 11 बजे यमुना एक्सप्रेसवे के कंट्रोल रूम से नौहझील पुलिस को माइलस्टोन 70 पर कार में आग लगने की सूचना मिली।
खबर मिलते ही थाना प्रभारी अंजीश कुमार और उपनिरीक्षक हरेंद्र तोमर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। दिल्ली के रहने वाले गुरुजीत सिंह पुत्र दर्शन सिंह, दलवीर सिंह पुत्र अरविंदर सिंह और जसवीर सिंह पुत्र राजेंद्र सिंह अपनी जीप कंपास कार से आगरा गुरुद्वारे में दर्शन करने जा रहे थे। रास्ते में अचानक कार से धुआं उठने लगा और पलभर में लपटें उठने लगीं।
युवकों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए तुरंत चलती गाड़ी को रोका और कूदकर अपनी जान बचाई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी जलकर राख के ढेर में तब्दील हो गई। राहत की बात यह रही कि हादसे में तीनों में से किसी को भी कोई चोट नहीं आई।
घटना स्थल पर पहुंची पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से जलती हुई गाड़ी को एक्सप्रेस वे से हटवाकर किनारे करवाया, जिससे एक्सप्रेसवे पर यातायात बाधित न हो। थाना पुलिस का कहना है कि प्राथमिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट प्रतीत हो रहा है, हालांकि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।


