चंडीगढ़ । चंडीगढ़ पुलिस की ऑपरेशन सेल टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गैंगस्टर गोलू गोहाना को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर सतविंदर दुहन के नेतृत्व में टीम ने सेक्टर-25 स्थित रैली ग्राउंड के पास आरोपी का पीछा कर उसे दबोच लिया।
पुलिस के अनुसार आरोपी की सूचना पहले से टीम को मिल चुकी थी। जैसे ही टीम ने उसे घेरने की कोशिश की, आरोपी ने फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे काबू कर लिया गया। घायल अवस्था में उसे सेक्टर-16 अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
अस्पताल में आरोपी गोलू से बात की तो उसने कहा कि गलती से पुलिस प्रशासन पर गोली चल गई। जानकारी के मुताबिक गोलू गोहाना गैंगस्टर है और वह सुन्नी गोहाना का करीबी साथी बताया जा रहा है। आरोपी अवैध हथियारों की तस्करी में सक्रिय था और चंडीगढ़ में कई लोगों को हथियार सप्लाई कर चुका है। उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह फरार चल रहा था।
टीम पहले भी कर चुके कई एनकाउंटर
कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में इंस्पेक्टर सतविंदर दुहन के साथ एएसआई केशव दहिया, अनिल कुमार, रविंदर बूरा, मंदीप कुमार, संदीप और दीपक सिंधु शामिल रहे।
गौरतलब है कि हाल ही में डीजीपी सागर प्रीत हुड्डा ने गैंगस्टरों पर शिकंजा कसने के लिए इंस्पेक्टर सतविंदर दुहन को विशेष रूप से ऑपरेशन सेल में तैनात किया था।
इससे पहले भी सेक्टर-39 जीरी मंडी चौक के पास सेवक फार्मेसी पर फायरिंग करने वाले लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े शूटरों को एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार करने में उनकी टीम सफल रही थी।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ जारी है। इंस्पेक्टर सतविंदर दुहन अपने कार्यकाल में अब तक लगभग 6 एनकाउंटर कर चुके हैं, जिसमें अधिकतर गैंगस्टर शामिल हैं। बम ब्लास्ट और आतंकी हैप्पी पासिया के तीन गुर्गों को भी पिछले वर्ष मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर आरडीएक्स और भारी मात्रा में हथियार बरामद किए थे।


