गाजियाबाद । उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। मोदीनगर के निवाड़ी थाना क्षेत्र में गंगनहर पटरी मार्ग पर सौंदा पुल के समीप मंगलवार देर रात ट्रक की चपेट में आकर पिकअप सवार तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा उस समय हुआ जब पिकअप सवार लोग राजस्थान से हरिद्वार गंगा स्नान के लिए जा रहे थे। इसी दौरान गंगनहर पटरी मार्ग पर पिकअप गाड़ी में ट्रक की साइड लग गई।ट्रक में पीछे की तरफ कुछ निकाला हुआ था, उसके कारण हादसा हुआ।
सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए ट्रक चालक और उसके क्लीनर को हिरासत में ले लिया है। दुर्घटना के बाद ट्रक को भी कब्जे में ले लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि यह हादसा किस कारण हुआ। प्रारंभिक जांच में तेज गति और लापरवाही को दुर्घटना का मुख्य कारण माना जा रहा है।


