कोच्चि। केरलम के कोच्चि में रविवार तड़के शराब के नशे में धुत एक 19 वर्षीय छात्र ने अपनी तेज रफ्तार मिनी कूपर कार से एक स्कूटर को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे उस पर सवार तीन युवाओं की मौके पर ही मौत हो गई। घटना और उसके बाद आरोपी के व्यवहार को लेकर सोशल मीडिया और स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है।
हादसे के तुरंत बाद जब स्थानीय लोगों ने कार को रोका और आरोपी ड्राइवर को बाहर निकाला, तो उसने अपनी गलती पर पछतावा जताने के बजाय लोगों से बहस शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, अहंकार से भरे युवक ने चिल्लाते हुए कहा, सड़कें किसलिए होती हैं? गाड़ी चलाने के लिए ही ना? जो हुआ सो हुआ, मेरे पापा सब संभाल लेंगे। कार उसके पिता के नाम पर ही रजिस्टर्ड है।
गैर-जमानती धारा के तहत मामला
कोच्चि पुलिस ने सुहैल को हिरासत में लेकर मेडिकल टेस्ट कराया, जिसमें उसके शराब के अत्यधिक नशे में होने की पुष्टि हुई है। पुलिस ने सुहैल सजीव के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।
मां ने दिया था ड्रीम कार का एडवांस बर्थडे गिफ्ट
आरोपी की पहचान सुहैल सजीव के रूप में हुई है, जो राजागिरी कॉलेज का छात्र है। सुहैल की मां कोच्चि और संयुक्त अरब अमीरात (दुबई/शारजाह) में एक प्रसिद्ध बुटीक और डिजाइन स्टूडियो चलाती हैं। उन्होंने सुहैल का जन्मदिन दिसंबर में होने के बावजूद, गाड़ी की डिलीवरी न मिलने के डर से उसकी ड्रीम कार मिनी कूपर एडवांस में बर्थडे गिफ्ट के तौर पर दी थी। इससे संबंधित मां का फेसबुक पर पोस्ट वीडियो भी वायरल हो रहा है।


