अहमदाबाद । गुजरात की एक निजी कंपनी बॉस स्कैम का शिकार हो गई। साइबर ठग ने कंपनी के एक कर्मचारी को उसके बॉस बनकर कथित तौर पर झांसे में लिया और उससे तीन करोड़ रुपये एक बैंक खाते में ट्रांसफर करा लिए। हालांकि, साइबर सेल की तत्पर कार्रवाई से ठगी की रकम में से 2,94,00,165 रुपये को समय रहते होल्ड करा लिया गया।
इसके बाद अदालत के आदेश से 2,88,00,165 रुपये शिकायतकर्ता को वापस कर दिए गए।
अधिकारियों के मुताबिक, यह घटना 18 अगस्त की है। शिकायतकर्ता से एक ठग ने उसके बॉस के नाम से बनाए गए फर्जी व्हाट्सएप अकाउंट के जरिए संपर्क किया। ठग ने खुद को उसका बॉस बताया और कर्मचारी का भरोसा जीतने के बाद उसे तत्काल भुगतान या वित्तीय लेनदेन करने का निर्देश दिया। इसके बाद कर्मचारी ने कंपनी के बैंक खाते से ठग की ओर से बताए गए खाते में तीन करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए।
साइबर क्राइम थाने में दर्ज हुआ केस
मामले में साइबर क्राइम पुलिस स्टेशन में केस दर्ज किया गया। इसके बाद जांच शुरू की गई। साइबर सेल की टीम ने तेजी से कार्रवाई करते हुए ठगी की रकम में से 2,94,00,165 रुपये को होल्ड/लियन पर डाल दिया। इसके बाद अदालत के आदेश के जरिए 2,88,00,165 रुपये शिकायतकर्ता को वापस कर दिए गए। बाकी रकम की रिकवरी की प्रक्रिया जारी है। जांचकर्ता आरोपी तक पहुंचने और रकम के लेनदेन से जुड़े पूरे मनी ट्रेल का पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं।


