औरेया । यूपी के औरैया जिले के अछल्दा थाना इलाके के तुरुकपुर गांव के नजदीक निकली निचली गंग नहर में एक कार गिर गई। इस भीषण दुर्घटना में एक महिला और दो पुरुषों सहित कुल तीन लोगों की डूबने से मौत हो गई। यह घटना रात के समय बुंदेलखंड एक्सप्रेस वे के नीचे से निकली नहर में हुई, जब कार इटावा की तरफ जा रही थी।
सुबह के समय ग्रामीणों ने नहर में एक कार पड़ी देखी। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना स्थानीय पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पंकज मिश्रा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद कार को नहर से बाहर निकलवाया।
कार के अंदर से तीन लोगों के शव बरामद हुए। मृतकों की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है। कार के पंजीकरण नंबर के आधार पर मृतकों के इटावा के होने की संभावना जताई जा रही है।
प्रारंभिक जांच में कार मालिक का नाम राजीव गुप्ता निवासी इटावा सामने आया है। इस दुर्घटना की जानकारी मिलने पर सिंचाई विभाग ने एहतियातन नहर का पानी बंद करवा दिया है।


