कोलकाता । मुकुल चौधरी (54*) और आयुष बडोनी (54) की तूफानी अर्धशतकीय पारियों की मदद से लखनऊ सुपर जाएंट्स ने कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) को तीन विकेट से हरा दिया। गुरुवार को ईडेन गार्डेन्स में खेले गए मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कोलकाता ने 20 ओवर में चार विकेट पर 181 रन बनाए।
जवाब में लखनऊ ने 20 ओवर में सात विकेट पर 182 रन बनाए और मुकाबला अपने नाम कर लिया।
लखनऊ पांचवें स्थान पर पहुंची
यह लखनऊ की लगातार दूसरी जीत है। इससे पहले टीम ने हैदराबाद के खिलाफ पांच विकेट से मुकाबला जीता था। इस जीत के साथ लखनऊ की टीम अंक तालिका में पांचवें स्थान पर पहुंच गई। उनके खाते में चार अंक हैं और नेट रन रेट -0.359 का है। वहीं, कोलकाता लगातार तीन मैचों में हार और एक मुकाबला बेनतीजा रहने की वजह से -1.315 के नेट रन रेट के साथ अंक तालिका में नौवें पायदान पर है। आईपीएल 2026 की अंक तालिका में शीर्ष पर राजस्थान रॉयल्स का दबदबा है।


