बरेली । बरेली के फरीदपुर में किन्नरों की संगत में आए कैंट थाना क्षेत्र के मुस्लिम युवक का प्राइवेट पार्ट काटने का मामला सामने आया है। मेडिकल परीक्षण में घटना की पुष्टि हुई है। युवक को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। परिजनों ने थाने जाकर न्याय की गुहार लगाई है।
फरीदपुर थाना पुलिस के मुताबिक, संबंधित युवक दो साल से फरीदपुर क्षेत्र के एक किन्नर के संपर्क में था। समय के साथ उसके हाव-भाव और रहन-सहन में बदलाव आया। बड़े बाल रखकर लड़कियों जैसे कपड़े पहनने लगा। आरोप है कि बृहस्पतिवार को किन्नरों ने युवक का प्राइवेट पार्ट काट दिया।
घाव पर टांके लगवा दिए गए। परिजन को भनक लगी तो वे युवक को लेकर थाने पहुंचे। पुलिस ने सीएचसी भेजकर युवक का मेडिकल कराया। मेडिकल रिपोर्ट में इसकी पुष्टि हुई है। चिकित्सकों ने दोबारा टांके लगाकर जिला अस्पताल रेफर किया है।
एक्सपर्ट से सर्जरी कराने की आशंका
सीएचसी पर तैनात चिकित्सकों के मुताबिक, अस्पताल पहुंचने से चार-पांच घंटे पहले ही प्राइवेट पार्ट को काटा गया था। घाव देखकर आशंका है कि किसी एक्सपर्ट से सर्जरी कराई गई थी। फिर सावधानी से टांके लगाए गए।
सीओ फरीदपुर संदीप सिंह ने बताया कि संबंधित युवक इस घटना को जबरन किए जाने से इन्कार कर रहा है। उसके परिजनों का आरोप है कि युवक को जबरन किन्नर बनाने की मंशा से प्राइवेट पार्ट काटा गया है। पुलिस हर पहलू पर जांच कर रही है।


