नई दिल्ली । गीता कॉलोनी स्थित यमुना खादर में सोमवार शाम नहाने के दौरान डूबे चार लोगों में से तीन के शव बरामद कर लिए गए हैं। सोमवार रात 45 वर्षीय सोनू का शव मिलने के बाद मंगलवार सुबह तलाशी अभियान दोबारा शुरू किया गया, जिसमें पुलिस और गोताखोरों की टीम ने 22 वर्षीय हेमंत और 30 वर्षीय राजन के शव बरामद कर लिए।
चौथे लापता युवक सचिन की तलाश अभी जारी है।
उत्तर जिला पुलिस उपायुक्त राजा बांठिया के अनुसार, सोमवार शाम गीता कॉलोनी यमुना खादर में चार लोग नहाने के लिए नदी में उतरे थे। पानी की गहराई और तेज बहाव के कारण चारों डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस, दमकल, एंबुलेंस और बोट क्लब के गोताखोर मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान शुरू किया।
गोताखोरों ने सोमवार रात सोनू को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंधेरा होने के कारण रात में तलाशी अभियान रोकना पड़ा। मंगलवार सुबह दोबारा शुरू हुए अभियान में हेमंत और राजन के शव बरामद किए गए।
पुलिस जांच में सामने आया कि सभी युवक गीता कॉलोनी इलाके के रहने वाले थे और आपस में दोस्त थे। चारों मजदूरी करते थे। बताया गया कि यमुना में उतरने से पहले उन्होंने शराब पी थी। इसके बाद वे नहाने चले गए और तेज बहाव में फंस गए। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए एलएनजेपी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। मामले की जांच जारी है।


