दिल्ली। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने दिल्ली ईवी सब्सिडी पोर्टल को लॉन्च कर दिया है। यह पोर्टल शहर की नई ईवी नीति के तहत इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वालों को वित्तीय सहायता देगा। इस पहल का उद्देश्य दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण को कम करना है।
नई ईवी पॉलिसी में किसको क्या छूट
नई ईवी पॉलिसी के तहत, इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर खरीदने वालों को 30,000 रुपये की सब्सिडी मिलेगी। इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर खरीदने पर 50,000 रुपये की सब्सिडी का प्रावधान है। एन1 कैटेगरी के हल्के कमर्शियल वाहनों के लिए 1 लाख रुपये की सब्सिडी दी जाएगी। 30 लाख रुपये से कम कीमत वाली सभी इलेक्ट्रिक कारों को रोड कर और रजिस्ट्रेशन फीस से पूरी छूट मिलेगी।
सरकार पुराने वाहनों को नए ईवी से बदलने वालों के लिए स्क्रैपेज इंसेंटिव भी दे रही है। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा कि यह ईवी पॉलिसी शहर के लिए बहुत जरूरी थी। उन्होंने बताया कि वाहनों से निकलने वाला धुआं कुल प्रदूषण का 23 फीसदी हिस्सा है। यह प्रदूषण का सबसे बड़ा कारण है, जिससे निपटने के लिए व्यापक नीति शुरू की गई है।
आरसी के बाद 30 दिन में करना होगा रजिस्ट्रेशन
ईवी खरीदने के बाद वाहन मालिक को आरसी मिलने के 30 दिन के भीतर पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन करना होगा। रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी होने के 60 दिन के अंदर सब्सिडी की राशि आवेदक के खाते में आ जाएगी। यह प्रक्रिया सरल और समयबद्ध बनाई गई है।


