नई दिल्ली। दिल्ली के शाहदरा थाना इलाके में नशा करने के दौरान हुए झगड़े में युवक ने अपने दोस्त के साथ मिलकर साले की हत्या कर दी। मृतक की शिनाख्त 35 साल के राम सेवक के रूप में हुई है। परिजनों का दावा है कि राम सेवक के सिर पर भारी चीज और गले पर धारदार हथियार से हमला किया गया है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस हत्या का मामला दर्ज कर राम सेवक के बहनोई आकाश और उसके दोस्त रानू को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर मामले की छानबीन कर रही है।
शाहदरा जिला पुलिस उपायुक्त आरपी मीणा ने बताया कि बुधवार शाम को नवीन शाहदरा इलाके में एक निर्माणाधीन इमारत की छत पर रेत में दबा व्यक्ति का शव मिला था। उसकी शिनाख्त नहीं हो पाई थी। पुलिस ने घटना के बाद आसपास के सीसीटीवी कैमरे की जांच की। साथ ही इमारत में काम करने वाले मजदूरों और ठेकेदार से पूछताछ की।
थाना प्रभारी अरुण कुमार के नेतृत्व में टीम ने सीसीटीवी फुटेज के जरिए आरोपियों की पहचान कर ली और फिर मुखबिरों के जरिए दो आरोपी आकाश और रानू को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी आकाश ने बताया कि मृतक उसका साला राम सेवक है। इसके बाद पुलिस ने राम सेवक के परिजनों को हत्या के बारे में बताया।
जांच में पता चला कि राम सेवक मूलत: गांव चंदेली, टिकमगढ़ का रहने वाला था। वह दिल्ली के नवीन शाहदरा इलाके में अकेला किराये के मकान में रहता था और मजदूरी का काम करता था। परिवार में पत्नी संगीता, एक बेटा और तीन बेटियां हैं। रिश्तेदार मिथुन ने बताया कि गत 20 अप्रैल को आकाश ने फोन कर राम सेवक को अपने पास काम करने के लिए बुलाया।
इसके बाद राम सेवक ने कुछ दिनों तक उसके साथ काम भी किया। आरोपियों से पूछताछ में पता चला कि आकाश व उसका दोस्त और राम सेवक एक साथ बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया। उसके बाद आरोपियों ने उसकी हत्या कर दी और शव को रेत के अंदर दबा दिया।


