गाजियाबाद । मामा के साथ कबाड़ का काम करने वाले 19 वर्षीय भांजे ने अपने दोस्तों के साथ मौज-मस्ती करने के लिए लाखों रुपये हड़पने के लिए लूटपाट की साजिश रच डाली। मामा ने भांजे से कॉल कर साझीदार से 2.25 लाख रुपये लेकर उसे सौंपने को कहा।
भांजा साझीदार से रुपये लेकर आया और रास्ते में तीन दोस्तों को बुलाकर लूटपाट होने का क्राइम सीन बनाया। चारों ने धनराशि आपस में बराबर-बराबर बांट ली और मामा व पुलिस को लूटपाट होने की सूचना दे डाली। पुलिस ने आरोपी भांजे सहित उसके दो दोस्तों को गिरफ्तार कर 1.67 लाख रुपये बरामद कर लिए हैं। एक आरोपी 56 हजार रुपये लेकर फरार है।
डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी ने बताया कि मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र के अहमदनगर में रहने वाले रिजवान ने मसूरी थाने में केस दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि वह साझीदार दानिश निवासी पिलखुआ के साथ यूपीएसआईडीसी फेस-प्रथम में काम करते हैं।
उन्होंने अपने भांजे नवेद(19) निवासी पिलखुआ जनपद हापुड़ से साझीदार दानिश के घर जाकर 2.25 लाख रुपये लेकर उन्हें सौंपने के लिए कॉल किया। नवेद साझीदार से रकम लेकर मेरठ जाने के लिए बाइक से निकला। रविवार की देर शाम नवेद ने अपने मामा को कॉल कर बताया कि बाइक सवार तीन बदमाशों ने उसके साथ मसूरी अंडर पास बांके बिहारी डेंटल कॉलेज के सामने लूटपाट कर ली और रुपये लेकर भाग गए।
रिजवान की सूचना पर पुलिस ने नवेद को हिरासत में लेकर पूछताछ की तो लूटपाट की वारदात का बखान करते हुए उसने कई बार बयान बदले। ऐसे में पुलिस को शक हुआ और सख्ती से पूछताछ की। नवेद ने बताया कि उसने अपने तीन दोस्तों को मसूरी अंडरपास बुलाकर लूटपाट की साजिश रची।
पुलिस ने नवेद उसके दोस्त शादाब अल्वी(24) और फुरकान(23) निवासी सद्दीकपुरा थाना पिलखुआ जनपद हापुड़ को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों से 1.67 लाख रुपये और घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद कर ली है। इनका एक साथी शोएब अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं। चारों ने आपस में 56-56 हजार रुपये बांट लिए थे।
मामा को धोखा देकर एक हजार की बीयर पी
डीसीपी के मुताबिक नवेद ने सुनियोजित ढंग से लूटपाट की घटना का षड्यंत्र रचा। नवेद के मुताबिक जब उसके मामा रिजवान ने रुपये लाने के लिए कॉल की तो अपने दोस्तों के साथ था। कॉल आते ही नवेद ने क्राइम सीन बनाया। नवेद मामा के साथ कबाड़ का काम करता था और साझीदार दानिश को भी पहचानता था। उसने दोस्तों को पिलखुआ में एकत्र होने की बात कही। तीनों दोस्त एक बाइक पर सवार थे, जबकि नवेद दूसरी बाइक पर मेरठ की और बाइक दौड़ाता रहा।
चारों बांके बिहारी डेंटल कॉलेज के नजदीक मसूरी अंडरपास पर पहुंचे। जहां नवेद ने 2.25 लाख रुपये दोस्तों को सौंप दिए। खुद पुलिस चौकी गया और मामा को भी लूटपाट की सूचना दी। उसके बाद चारों ने देर रात बीयर पीते हुए पार्टी की और 56-56 हजार रुपये आपस में बांट लिए। एक हजार रुपये की बीयर पीकर अपने-अपने घर चले गए। जबकि साथी शोएब 56 हजार रुपये लेकर भाग गया।
11 बार की आपस में कॉल
नवेद और उसके दोस्तों के मोबाइल कॉल ट्रेस की गई। रिजवान का कॉल आने के बाद सभी ने नवेद से 11 बार काल की। सीसीटीवी में नवेद के पीछे बाइक सवार तीनों दोस्त पिलखुआ से मसूरी तक आते दिखाई दिए। कई बार बाइक सवार बदमाश नवेद की बाइक के बराबर में भी आते दिखाई पड़े।


